देश

भाजपा का मिशन-9, 2024 की राह करेगा आसान ! जानें मोदी-नड्डा का विनिंग फॉर्मूला

  • Authored by: प्रशांत श्रीवास्तव
  • Updated Jan 17, 2023, 06:31 PM IST

JP Nadda Will Continue as a BJP President: अगर पिछले कुछ दिनों से भाजपा की रणनीति को देखा जाय तो एक बात साफ है कि 2024 के लोक सभा चुनावों और उसके पहले होने वाले विधानसभा चुनावों में राम मंदिर एक बड़ा मुद्दा रहेगा।

JP Nadda Will Continue as a BJP President: 2024 में किसकी अगुआई में चुनाव लड़ा जाएगा, इसका ऐलान भारतीय जनता पार्टी ने कर दिया है। पार्टी ने एक बार फिर से मौजूदा अध्यक्ष जे.पी.नड्डा पर दांव लगाया है। भाजपा की रणनीति साफ है कि वह जिताऊ फॉर्मूले में कोई बदलाव नहीं करना चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे के साथ भाजपा नड्डा की रणनीति पर न केवल 2024 के लोक सभा चुनाव में मैदान में उतरेगी बल्कि इस बीच 9 राज्यों के विधानसभा चुनाव में भी किस्मत आजमाएंगी। अगर भाजपा की 2 दिन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को देखा जाय, तो उससे साफ संदेश हैं कि वह राष्ट्रवाद, विज्ञान, विदेश नीति, कोविड-19 से बचाव के लिए चलाए गए टीकाकरण कार्यक्रम, गरीब कल्याण योजना और राम मंदिर जैसे मुद्दों के साथ जनता के बीच जाएगी।

गृह मंत्री बार-बार राम मंदिर की कर रहे हैं बात

अगर पिछले कुछ दिनों से भाजपा की रणनीति को देखा जाय तो एक बात साफ है कि 2024 के लोक सभा चुनावों और उसके पहले होने वाले विधानसभा चुनावों में राम मंदिर एक बड़ा मुद्दा रहेगा। त्रिपुरा में गृह मंत्री अमित शाह ने अयोध्या में बन रहे राम मंदिर को पहली जनवरी, 2024 तक तैयार हो जाने का ऐलान किया था। साफ है कि भाजपा मतदाताओं में यह संदेश देना चाहती है कि उसने अपना वादा पूरा किया। और जो विपक्षी दल यह कहां करते थे कि मंदिर कब बनेगा, उनको भाजपा ने जवाब दे दिया है।

इसी तरह राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जे.पी.नड्डा के भाषण को देखा जाय, तो पार्टी 2024 के पहले सभी 9 विधान सभा चुनावों को जीतना चाहती है। नड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कमर कस लें, हमें एक भी चुनाव नहीं हारना है।

इन राज्यों में चुनाव

साल 2023 में राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की बात करें तो राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, तेलंगाना,त्रिपुरा, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम में विधान सभा चुनाव होने हैं। इसमें से छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है। भाजपा ने करीब 160 सीटों और एक लाख तीस हजार बूथों की पहचान की है जहां पर पार्टी अपने को कमजोर मान रही है। और 2014,2019 जैसी सफलता फिर से हासिल करने के लिए पार्टी का इन सीटों पर पकड़ मजबूत करने पर फोकस है।

नेहरू-इंदिरा की बराबरी करेंगे मोदी

भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने कुछ पहले एक बयान में कहा था कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। साफ है कि 2024 में भाजपा को नरेंद्र मोदी के करिश्मे पर पूरा भरोसा है। जिस तरह पार्टी को उनके नेतृत्व में जीत मिल रही है, ऐसे में उसे उम्मीद है कि वह ऐसा कर पाएंगे। और अगर ऐसा होता है तो नरेंद्र मोदी जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद पहले नेता बनेंगे तो 10 साल से ज्यादा समय तक देश के प्रधानमंत्री पद संभालेंगे।

प्रशांत श्रीवास्तव
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article