देश

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भाजपा ने शुरू कर दी तैयारी; जेपी नड्डा ने चेन्नई में की बैठक

जेपी नड्डा ने तमिलनाडु में 2026 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की तैयारियों की समीक्षा की। नड्डा ने शहर के अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान यहां आयोजित राज्य कोर ग्रुप की बैठक में भाग लिया और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू करने की सलाह दी।

Image

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने कसी कमर।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब दक्षिण में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिशों में जुट गई है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने 2026 में तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को पार्टी की तमिलनाडु इकाई की तैयारियों की समीक्षा की।

नड्डा ने राज्य कोर ग्रुप की बैठक में भाग लिया

एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि नड्डा ने शहर के अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान यहां आयोजित राज्य कोर ग्रुप की बैठक में भाग लिया और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू करने और पार्टी के संगठनात्मक कार्य को भी आगे बढ़ाने की सलाह दी।

भाजपा की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख और विधायक दल के नेता नैनार नागेंथिरन की अध्यक्षता में हुई बैठक में तमिलनाडु मामलों के राष्ट्रीय सह-प्रभारी पी सुधाकर रेड्डी, राज्य इकाई के सह-संयोजक एच राजा, राष्ट्रीय महिला मोर्चा की अध्यक्ष और विधायक वनाथी श्रीनिवासन और पार्टी की राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष: पोन राधाकृष्णन और डॉ तमिलिसाई सौंदरराजन सहित अन्य लोग शामिल हुए।

द्रमुक सरकार को सत्ता से बाहर करने का दावा

पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी विनोज पी सेल्वम ने कहा, 'बैठक में हमारे प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने 2026 के चुनाव में द्रमुक सरकार को सत्ता से बाहर करने और राज्य विधानसभा में भाजपा के अधिकतम सदस्यों की संख्या सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया।' केंद्रीय स्वास्थ्य, रसायन एवं उर्वरक मंत्री नड्डा यहां एसआरएम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान में धर्मपुरम अधीनम के तत्वावधान में आयोजित छठे अंतरराष्ट्रीय शैव सिद्धांत सम्मेलन में भाग लेने के लिए आए हैं।

एसआरएम विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलाधिपति पारीवेंधर ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'हम छठे अंतरराष्ट्रीय शैव सिद्धांत सम्मेलन के लिए उनके अनुग्रहपूर्ण संदेश और आशीर्वाद के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति अत्यंत आभारी हैं। उनके शब्द हमें भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखने के लिए प्रेरित करते हैं।'

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article