देश

सोनम वांगचुक से मिलने मेदांता हॉस्पिटल पहुंचे जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह, अस्पताल से जारी भूख हड़ताल

एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक का हाल-चाल जानने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और पीएमओ में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे। हाई कोर्ट के आदेश के बाद वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से मेदांता लाया गया है।

Image

Sonam Wangchuk.

Photo : PTI

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तबीयत जानने के लिए मंगलवार रात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं ने डॉक्टरों से वांगचुक के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

शिक्षा व्यवस्था सुधार को लेकर मिला आश्वासन

सूत्रों के मुताबिक, मेदांता अस्पताल में भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोनम वांगचुक से एक घंटे से अधिक समय तक मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली। सूत्रों का कहना है कि इस मुलाकात के दौरान सरकार की ओर से सोनम वांगचुक को बताया गया कि शिक्षा व्यवस्था और उससे जुड़े मुद्दों पर संसद में चर्चा कराने के लिए सरकार तैयार है। सरकार ने यह भी भरोसा दिलाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और इस दिशा में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। सरकार की ओर से सोनम वांगचुक से यह भी अपील की गई कि वे छात्रों से सरकार पर भरोसा बनाए रखने की बात कहें और किसी भी तरह के उग्र कदम से बचने की सलाह दें।

मेंदाता जाने से पहले जितेंद्र सिंह ने अमित शाह से की मुलाकात

सूत्रों के मुताबिक मेदांता अस्पताल पहुंचने से पहले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच यह बैठक लगभग चार घंटे से अधिक समय तक चली।

हाई कोर्ट के आदेश पर मेदांता में कराया गया शिफ्ट

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंगमो की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें तुरंत सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में शिफ्ट करने का आदेश दिया था। सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट को बताया कि केंद्र सरकार को मेदांता शिफ्ट किए जाने पर कोई आपत्ति नहीं है। कोर्ट ने मेदांता को विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम बनाकर उनके इलाज और निगरानी के निर्देश दिए हैं।

अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी

सोनम वांगचुक 28 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद उन्होंने अपना अनशन जारी रखा है। उनकी पत्नी गीतांजलि ने कहा कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध और उनके प्रति एकजुटता दिखाते हुए वांगचुक ने अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया है।

जंतर-मंतर पर फिर जुटे प्रदर्शनकारी

सोमवार को संसद मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के बाद मंगलवार को हजारों छात्र और समर्थक दोबारा जंतर-मंतर पहुंच गए हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने कहा कि विरोध प्रदर्शन अनिश्चित काल तक जारी रहेगा, हालांकि फिलहाल संसद की ओर मार्च नहीं निकाला जाएगा।

हाई कोर्ट ने दी चिकित्सकीय निगरानी की हिदायत

दिल्ली हाई कोर्ट की खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि सोनम वांगचुक को डॉक्टरों की सलाह का पालन करना होगा और पूरे इलाज के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रहना होगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article