Jammu and Kashmir assembly Election 2024 : जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस ने मंगलवार को 32 उम्मीदवारों की सूची जारी की। नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला गांदेरबल और तनवीर सादिक जादीबल सीट से चुनाव लड़ेंगे।
जम्मू कश्मीर में इस बार विधानसभा चुनाव तीन चरणों 18 सितंबर से एक सितंबर के बीच हो रहे हैं। राजनीतिक पार्टियां पहले चरण के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर रही हैं। राज्य में विधानसभा की 90 सीटों के लिए कांग्रसे और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बीच गठबंधन हुआ है।
डोरू से गुलाम अहमद मीर
इससे पहले कांग्रेस ने सोमवार को अपने नौ उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें पार्टी महासचिव गुलाम अहमद मीर को डोरू से और प्रदेश इकाई के पूर्व प्रमुख विकार रसूल वानी को बनिहाल से मैदान में उतारा गया है। कांग्रेस ने यह सूची सहयोगी नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ सीट बंटवारे पर समझौता होने के बाद जारी की है।
32 सीट पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में क्रमशः 51 और 32 सीट पर चुनाव लड़ने पर सहमति जताई है। पार्टी ने त्राल सीट से सुरिंदर सिंह चन्नी, देवसर से अमानुल्लाह मंटू, अनंतनाग से पीरजादा मोहम्मद सईद, इंदरवाल से शेख जफरुल्लाह, भद्रवाह से नदीम शरीफ, डोडा से शेख रियाज और डोडा पश्चिम से प्रदीप कुमार भगत को मैदान में उतारा है।
चार अक्टूबर को आएंगे चुनाव नतीजे
जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत 18 सितंबर को मतदान होगा जबकि दूसरे चरण के तहत 25 सितंबर और तीसरा चरण के तहत एक अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। मतों की गिनती चार अक्टूबर को होगी। जम्मू कश्मीर में इस बार विधानसभा चुनाव 10 सालों के बाद हो रहा है। इस चुनाव को लेकर राज्य की जनता और राजनीतिक दलों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। लोकसभा चुनाव 2024 में यहां लोगों ने रिकॉर्ड स्तर पर मतदान किया। अलगाववादी नेता और पूर्व आतंकवादी भी इस बार चुनाव में अपना किस्मत आजमा रहे हैं।
