देश

झारखंड में बागी हो गए कांग्रेस के 12 विधायक, 8 पहुंचे दिल्ली...आलाकमान की बढ़ी टेंशन!

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 18, 2024, 06:19 AM IST

Jharkhand Politics: झारखंड में कांग्रेस के 17 विधायक हैं, जिनमें 4 को सरकार में शामिल किया गया है। इस फैसले से अन्य 12 विधायक नाराज हो गए हैं। उनकी मांग है कि सरकार में नए चेहरों को शामिल किया जाना चाहिए। ऐसे में 8 विधायक आलाकमान से मिलने दिल्ली पहुंच चुके हैं।

Image

झारखंड के नाराज कांग्रेस विधायक पहुंचे दिल्ली

Photo : ANI

Jharkhand Politics: चंपई सोरेन सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद झारखंड में सियासी हलचल तेज हो गई है। सरकार में कांग्रेस के चार विधायकों को शामिल करने से पार्टी के अन्य 12 विधायक नाराज हो गए हैं, जिसमें से 8 दिल्ली पहुंच चुके हैं। बताया जा रहा है कि ये विधायक आलाकमान से मुलाकात कर अपनी नाराजगी जाहिर करेंगे, वहीं अन्य 4 विधायक भी जल्द ही दिल्ली पहुंच जाएंगे।

बता दें, झारखंड में कांग्रेस के 17 विधायक हैं, जिनमें 4 को सरकार में शामिल किया गया है। कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह ने बताया कि हम दिल्ली पहुंच गए हैं, बाकी कल पहुंचेंगे। उन्होंने कहा, हम पार्टी के कोटे से बनाए गए चारों मंत्रियों को बदलना चाहते हैं। विधायक प्रदीप यादव और मंत्री बनाए गए चार विधायकों के अलावा बाकी सभी 12 विधायक साथ हैं। जयमंगल ने कहा कि झामुमो ने पहले ही मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष का पद ले लिया है। उनके पास छह मंत्री पद हैं और हम शेष एक पद चाहते हैं, हम उस पर कोई समझौता नहीं करेंगे।

इन चार विधायकों को सरकार में किया गया शामिल

बता दें, चंपई सोरेन की सरकार में कांग्रेस कोटे से आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है, जिसके बाद नाराज विधायक पहले रांची के एक होटल में इकट्ठा हुए। उन्हें मनाने के लिए सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सुप्रीमो शिबू सोरेन के सबसे छोटे बेटे और शुक्रवार को मंत्री बनाए गए बसंत सोरेन पहुंचे। विधायकों से मुलाकात के बाद बसंत सोरेन ने कहा, भ्रम की कोई स्थिति नहीं है और हम सभी एकजुट हैं। हालांकि, इसके बावजूद नाराज कांग्रेस विधायकों ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की धमकी दी है। बता दें, कम से कम 12 विधायकों ने धमकी दी है कि अगर पार्टी के कोटे के मंत्री बनाए गए नेताओं को बदला नहीं गया तो वे 23 फरवरी से होने वाले आगामी विधानसभा सत्र का बहिष्कार करेंगे।

चंपई सोरेन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी पहुंचे दिल्ली

इस बीच झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजेश ठाकुर पहले ही दिल्ली पहुंच चुके है। दोनों अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात करेंगे। वहीं, इस मामले पर 12 विधायकों का समूह पहले ही पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख ठाकुर को हस्ताक्षर किया हुआ एक पत्र सौंप चुका है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपिका पांडे सिंह ने पीटीआई-भाषा से कहा, हम चाहते हैं कि पार्टी मंत्रियों को बदले और नए चेहरों को मौका दे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article