Rajasthan Accident: राजस्थान में अलवर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम को बड़ा सड़क हादसा हो गया। इसमें बाड़मेर के पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल और उनका बेटा घायल हो गया जबकि उनकी पत्नी की मौत हो गई। बता दें, मानवेंद्र सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के बेटे हैं। पुलिस ने बताया कि दिल्ली से जयपुर आ रहे मानवेंद्र सिंह की एसयूवी कार नौगांव के पास एक पुल की दीवार से टकरा गई जिससे उसमें सवार सभी लोग घायल हो गये। पुलिस के अनुसार घायलों को अलवर के निजी अस्पताल ले जाया गया।
पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह की पत्नी की सड़क हादसे में मौत
अलवर के सोलंकी अस्पताल के चिकित्सक विक्रांत सोलंकी ने बताया कि मानवेंद्र सिंह की पत्नी चित्रा सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मानवेन्द्र सिंह और उनके बेटे हमीर सिंह का इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक हादसे के बारे में मानवेंद्र सिंह के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
अशोक गहलोत ने जताया शोक
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस हादसे पर शोक जताते हुए 'एक्स' पर लिखा, सड़क दुर्घटना में मानवेंद्र सिंह जसोल की पत्नी चित्रा सिंह के निधन का समाचार दुखद है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति एवं परिजनों को इस दुख को सहने की हिम्मत देने की कामना करता हूं। उन्होंने लिखा, मैं ईश्वर से सड़क दुर्घटना में घायल मानवेन्द्र सिंह जसोल एवं अन्य परिजनों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी ने भी हादसे पर शोक जताते हुए लिखा, दिल्ली-मुंबई हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में पूर्व सांसद एवं विधायक मानवेंद्र सिंह जी तथा उनके पुत्र के घायल होने और पत्नी चित्रा सिंह के निधन का समाचार अत्यधिक दुखद एवं हृदयविदारक है। दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और ईश्वर से उनके (मानवेंद्र सिंह) तथा उनके पुत्र के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
वसुंधरा राजे ने भी जताया शोक
वसुंधरा राजे ने भी सड़क हादसे पर दुख जताते हुए लिखा कि सड़क दुर्घटना में पूर्व सांसद एवं विधायक मानवेंद्र सिंह जसोल की पत्नी श्रीमती चित्रा सिंह के निधन का समाचार सुन आहत हूं। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों और जसोल-वसियों के प्रति मैं गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मानवेंद्र सिंह और उनके पुत्र भी घायल हुए हैं, मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।
