Swatantra Bhardwaj Viral Video: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र व युवा आंदोलन के दौरान हुई हिंसक घटना में अब एक नया और बड़ा राजनीतिक मोड़ आ गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज नाम का एक युवक यह शेखी बघारता हुआ नजर आ रहा है कि उसने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे संजय नामक व्यक्ति के साथ मारपीट की थी।
जंतर-मंतर पर मारपीट करने वाले का वीडियो वायरल (Photo: X/@Cockroachisback)
इतना ही नहीं, उसने दावा किया कि दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान उसके "भाई" जैसे हैं और उसे उनका पूरा समर्थन हासिल है। हालांकि हम आपको बता दें कि टाइम्स नाउ नवभारत इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। इस खबर को वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर लिखा गया है।
इस वायरल वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज ने यह आरोप भी लगाया कि घटना के बाद पुलिस स्टेशन से उसे छुड़ाने और उस पर गंभीर धाराएं न लगने देने के लिए मंत्री कपिल मिश्रा ने दिल्ली पुलिस पर दबाव बनाया था। इस वीडियो के सामने आते ही आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सरकार पर तीखा हमला बोला। केजरीवाल ने कहा कि मौजूदा सरकार "गुंडों को संरक्षण" दे रही है और मुख्य आरोपियों को राजनीतिक शह पर बचाया जा रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: CJP Protest: 'ना हथियार चला, ना खोपड़ी फटी...', जंतर-मंतर पर घायल युवक के दावे पर पुलिस का बड़ा खुलासा, बताई चोट की वजह
इस मामले को लेकर CJP के सौरभ दास क्या बोले?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरभ दास ने सोशल मीडिया पर इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि हमले में संजय के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके लिए पुलिस को हत्या के प्रयास (IPC धारा 307) और गंभीर चोट पहुंचाने (धारा 326) जैसी गैर-जमानती धाराएं लगानी चाहिए थीं। हालांकि, सौरभ दास के मुताबिक, डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारियों ने ये धाराएं जोड़ने से साफ इनकार कर दिया और कोर्ट जाने की सलाह दी, ताकि आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी से बचा जा सके।
लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल में करीब 150 छात्र घायल
सीजेपी ने आरोप लगाया कि भारद्वाज के अन्य साथी, जिन्होंने हमले के तुरंत बाद रील्स बनाकर पीड़ित की नाबालिग बेटी को खुलेआम धमकियां दी थीं, उन्हें भी अब तक चिन्हित नहीं किया गया है। सौरभ दास ने न्याय की प्रक्रिया में अवैध रूप से बाधा डालने के आरोप में कपिल मिश्रा को मामले में सह-आरोपी बनाने और उनके इस्तीफे की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि देश में बढ़ती बेरोजगारी और नीट-यूजी (NEET-UG) जैसी राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ सीजेपी के बैनर तले हजारों युवा जंतर-मंतर पर 'चलो संसद' मार्च के लिए एकत्र हुए थे। इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज और आंसू गैस के प्रयोग में लगभग 150 छात्र घायल हो गए थे। अब इस नए वीडियो के सामने आने से पूरे मामले ने एक बड़ा तूल पकड़ लिया है।
