देश

जम्मू: मांडा के पास बस खाई में गिरने से 17 तीर्थयात्री घायल; बचाव कार्य जारी

Jammu: 17 तीर्थयात्री शनिवार को जम्मू के मांडा इलाके के पास एक बस के खाई में गिर जाने से घायल हो गए। अधिकारी ने कहा कि घटना स्थल पर बचाव अभियान चल रहा है।

Image

मांडा के पास बस खाई में गिरने से 17 तीर्थयात्री घायल

Photo : ANI

Jammu: जम्मू के कटरा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे तीर्थयात्रियों की एक बस शनिवार शाम यहां सड़क से फिसलकर 30 फुट गहरी खाई में गिर गई, जिससे हिमाचल प्रदेश के एक चालक की मौत हो गई जबकि 17 तीर्थयात्री घायल हो गए। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस हादसे पर दुख जताया तथा बचाव दल और अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की।

दिल्ली जा रही थी बस

अधिकारियों ने बताया कि बस का पंजीकरण नंबर यूके-07पीए-5640 है और यह दिल्ली जा रही थी। उन्होंने बताया कि जम्मू बस स्टैंड से लगभग आठ किलोमीटर दूर मांडा के पास यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि एक मोड़ आने पर चालक ने बस पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन खाई में गिर गया। अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद मौके पर बचाव अभियान शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि 17 घायल लोगों को सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत ‘स्थिर’ बताई जा रही है।

चालक का शव बरामद

अधिकारियों ने बताया कि बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई और बाद में पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), यातायात पुलिस तथा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा कर्मियों के संयुक्त दल ने दो घंटे से अधिक समय तक कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल से चालक का शव बरामद किया। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान राकेश के रूप में हुई है। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में घायल हुए तीर्थयात्री दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के हैं। मुख्यमंत्री ने चालक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मांडा में हुई बस दुर्घटना से बहुत दुःखी हूं। इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले चालक के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’’

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article