Jammu Kashmir Bus Accident: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को एक बस के पहाड़ी मार्ग से गिरने के कारण 21 लोगों की मौत हो गई और 51 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि, बस ने एक ऑटो-रिक्शा को भी अपनी चपेट में ले लिया जिससे तीपहिया वाहन में सवार लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 10 बजे रामनगर क्षेत्र में एक तीखे मोड़ पर उस वक्त हुआ जब निजी बस का चालक नियंत्रण खो बैठा। पहाड़ी मार्ग से गुजर रहे सेना के एक काफिले ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। बस में करीब 50 यात्री सवार थे जिनमें अधिकांश अपने दैनिक कामकाज के लिए रामनगर से उधमपुर जा रहे थे।
जम्मू कश्मीर में भयावह सड़क हादसा
मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 21
अधिकारियों ने बताया कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका ऊपरी हिस्सा लगभग पूरी तरह उखड़ गया जिससे बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया। उधमपुर-रियासी रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक शिव कुमार शर्मा ने घटनास्थल पर संवाददाताओं से कहा, "रामनगर से उधमपुर जा रही बस पहाड़ी रास्ते पर नियंत्रण खो बैठी और ढलान से नीचे गिरकर सड़क पर पलट गई तथा एक ऑटो-रिक्शा भी इसकी चपेट में आ गया। मौके पर 15 यात्रियों को मृत पाया गया जबकि चार अन्य ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया।" अधिकारियों ने बताया कि उधमपुर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल दो और लोगों की मौत हो गई जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई। शर्मा ने कहा कि स्थानीय निवासियों ने बचाव कार्य में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की।
100 मीटर की ऊंचाई से गिरा वाहन
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रामनगर के थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी समेत पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सेना के जवानों के साथ संयुक्त बचाव अभियान चलाया। बाद में हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से वाहन को सीधा किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात और जम्मू जोन के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी फोन पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। उधमपुर से रामनगर जा रहे एक सैन्य काफिले का नेतृत्व कर रहे एक जवान ने बताया कि बस को पहाड़ी से नीचे लुढ़कते देख उन्होंने तुरंत कार्रवाई की। उसने कहा, "मैं काफिले का नेतृत्व कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ। वाहन करीब 100 मीटर की ऊंचाई से गिरा। हमने तुरंत क्षेत्र की घेराबंदी कर बचाव अभियान शुरू किया और कड़ी मश्क्कत से यात्रियों को निकाला।"
दो लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, "जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में हुए बस हादसे में कई लोगों की मृत्यु की खबर सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। मैं दुखद घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।" प्रधानमंत्री मोदी ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बस दुर्घटना में हुई लोगों की मौत के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।" उन्होंने कहा, "मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इस दुखद दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को पीएमएनआरएफ की ओर से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।"
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कही यह बात
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "उधमपुर में हुआ यह दुखद सड़क हादसा दिल दहला देने वाला है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।" सिन्हा ने कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। अब्दुल्ला ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "सरकार दुख की इस घड़ी में पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और सभी जरूरत मदद प्रदान की जा रही है।" मुख्यमंत्री ने हर मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को एक लाख रुपये और दुर्घटना में मामूली रूप से घायल हुए लोगों को 25,000 रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करने की घोषणा की।
घायलों को हवाई मार्ग से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था
पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "उधमपुर-रामनगर बस हादसे से बेहद दुखी हूं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।" जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने भी दुख जताते हुए अधिकारियों से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, समुचित चिकित्सा सुविधा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इससे पहले, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दुर्घटना के बाद उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा से बात की और कहा कि गंभीर रूप से घायल पीड़ितों को हवाई मार्ग से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया
मंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "रामनगर से उधमपुर जा रही एक बस संबंधी दुखद सड़क हादसे की जानकारी मिलने पर मैंने अभी-अभी उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा से बात की।" उन्होंने कहा, "तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया है। काफी लोगों के हताहत होने की आशंका है। हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है। घायलों को चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल ले जाया जाएगा। गंभीर रूप से घायलों को हवाई मार्ग से ले जाने की व्यवस्था की जा रही है।" सिंह ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन और बचाव अभियान में शामिल भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं की टीम के साथ लगातार संपर्क में हैं।
(इनपुट - भाषा)
