Indus Waters Treaty: भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को आईना दिखाते हुए एक बात साफ कर दी कि सिंधु जल समझौता अभी सस्पेंड है और वह तब तक सस्पेंड रहेगा जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को पूरी तरह से बंद नहीं कर देता है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की ओर से चिनाब-ब्यास लिंक टनल परियोजना पर की गई टिप्पणियों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
MEA ने क्या कुछ कहा?
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस वार्ता में पाकिस्तान की हालिया टिप्पणियों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ''हमने सिंधु जल समझौते को सस्पेंड कर दिया है और इसे तब तक रोके रखा है जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को पूरी तरह से बंद नहीं कर देता।" दरअसल, पाकिस्तान ने चिनाब-ब्यास लिंक टनल परियोजना पर टिप्पणी की थी और कहा था कि भारत पानी का हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहा है।
रणधीर जायसवाल ने स्विस राजदूत के दिल्ली और जम्मू-कश्मीर दौरे को लेकर कहा कि उन्होंने वहां कई बैठकें कीं। जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और स्विस राजदूत या कोई भी अन्य राजदूत वहां जाने के लिए स्वतंत्र है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट रक्षा से जुड़ा नहीं', राहुल ने 16 मिनट का बनाया VIDEO; मोदी सरकार पर बिजनेसमैन को फायदा पहुंचाने का लगाया आरोप
नेपाल के विदेश मंत्री की तीन दिवसीय यात्रा
नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल तीन दिवसीय यात्रा पर भारत आए हैं। इसको लेकर जायसवाल ने बताया कि शिशिर खनाल से विदेश मंत्री जयशंकर मुलाकात करेंगे। नेपाल के साथ हमारा एक व्यापक एजेंडा है जिसमें विकास सहयोग, लोगों के बीच संबंध, व्यापार और निवेश शामिल हैं। जब दोनों विदेश मंत्री मिलेंगे तो इन सभी मुद्दों पर चर्चा होगी। हमारी तरफ से हम नेपाल के साथ अपनी बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने के इच्छुक हैं।
इस दौरान, जायसवाल ने संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिक की मौत के विषय पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि हमने लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल पर हुए इस हमले की निंदा की, जिसमें सर्बिया का सैनिक मारा गया। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि इस घटना पर हमारे द्वारा जारी किए गए प्रेस बयान को देखें। हमने अतीत में भी लगातार ऐसा ही रुख अपनाया है और UNIFIL के साथ तैनात संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों पर हमलों की निंदा की है।
