Jammu And Kashmir : जम्मू-कश्मीर के कठुआ में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। शिवनगर में एक घर के अंदर आग लगने से 6 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, 9 लोग सो रहे थे, जिनमें से 6 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि 3 लोग बेहोश हो गए। वहीं, जानकारी सामने आई है कि मदद करने आया एक पड़ोसी भी बेहोश हो गया। बेहोश हुए लोगों का कठुआ के जीएमसी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक घर में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। जानकारी के अनुसार, ये आग रिटायर्ड डीएसपी (DSP) के घर में लगी थी।
दम घुटने के कारण हुई लोगों की मौत
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार तड़के जम्मू-कश्मीर के कठुआ में एक घर में आग लगने से दो बच्चों समेत छह लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारण कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने से घर में घना धुआं भर गया, जबकि घर में रहने वाले लोग सो रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 2:30 बजे आग देखी और घर की ओर दौड़े। उन्होंने बताया कि पीड़ितों को कठुआ के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां दो नाबालिगों समेत छह को मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने कहा कि 10 लोगों को अस्पताल लाया गया। 6 को मृत लाया गया और चार अन्य घायल हो गए। डॉक्टर ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि पीड़ितों की मौत धुंआ अंदर जाने के बाद दम घुटने से हुई।
