देश

जम्मू कश्मीर के कठुआ में मारा गया जैश का आतंकी, राजौरी में भी आतंकियों को सेना ने घेरा, एनकाउंटर जारी

जम्मू कश्मीर में इन दिनों चुनावी प्रक्रिया जारी है। चुनावी प्रक्रिया के बीच रोज कहीं न कहीं आतंकियों के साथ एनकाउंटर हो रहा है, जिसमें कई आतंकी मारे जा चुके हैं।

Image

जम्मू कश्मीर में मारा गया आतंकी

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • जम्मू कश्मीर के राजौरी में एनकाउंटर
  • कठुआ में मारा गया एक आतंकी
  • मुठभेड़ के दौरान एक जवान शहीद

जम्मू कश्मीर में सेना लगातार आतंकियों का सफाया कर रही है। एक के बाद एक आतंकियों को मार रही है। रविवार को भी सेना ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ में एक आतंकी को मार गिराया है। इसके अलावा राजौरी में सेना ने आतंकियों को घेर लिया है और एनकाउंटर जारी है।

मारा गया जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी

जम्मू कश्मीर में कठुआ जिले के एक सुदूर गांव में आतंकवाद रोधी अभियान में सुरक्षा बलों ने एक आतंकवादी को मार गिराया, जिसके पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने का संदेह है। अधिकारियों ने बताया कि कठुआ जिले की बिलावर तहसील के कोग-मंडली में शनिवार शाम हुई मुठभेड़ के स्थल से रविवार दोपहर में एक अज्ञात आतंकवादी का शव बरामद किया गया जिससे दो दिवसीय अभियान में मरने वालों की संख्या दो हो गई।

एक जवान शहीद

इस मुठभेड़ में हेड कांस्टेबल बशीर अहमद को अपनी जान गंवानी पड़ी और दो अधिकारी - पुलिस उपाधीक्षक (संचालन) सुखबीर सिंह और सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) नियाज अहमद उस समय घायल हो गए जब आतंकवादियों ने शनिवार शाम खोजबीन में जुटे संयुक्त सुरक्षा दल पर हमला किया। जम्मू जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आनंद जैन ने बताया कि तीन से चार विदेशी आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद शनिवार को गांव में तलाश अभियान शुरू किया गया। इसके बाद शनिवार शाम को सुरक्षाबलों तथा आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया। मुठभेड़ स्थल के समीप पत्रकारों से बातचीत में जैन ने बताया कि इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी और इसके बाद अभियान शुरू किया गया तथा फिर मुठभेड़ हुई। जैन ने बताया कि मुठभेड़ में घायल दोनों अधिकारियों की हालत स्थिर है।

राजौरी में भी एनकाउंटर शुरू

राजौरी जिले में भी रविवार शाम को आतंकवादियों से एक और मुठभेड़ शुरू होने की जानकारी मिली है। अधिकारियों ने बताया कि रविवार शाम को राजौरी जिले के थानामंडी इलाके में एक और मुठभेड़ तब शुरू हो गई, जब सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया।

एक अक्टूबर को मतदान

बता दें कि चुनावी इलाकों में सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि तीसरे चरण में आतंकवाद संबंधी कोई घटना न हो और चुनाव हिंसा मुक्त हो। कठुआ के साथ ही जम्मू, उधमपुर, सांबा, बारामूला, बांदीपुरा और कुपवाड़ा जिलों में एक अक्टूबर को तीसरे एवं अंतिम चरण के चुनाव के तहत मतदान होना है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article