देश

जयपुर की अनु ने फंदे पर लटकने से पहले किया था पति गौतम मीणा को वीडियो कॉल...फरार आरोपी बोला- मुझे ब्लैकमेल किया जा रहा

Jaipur domestic violence case: फरार चल रहे पति गौतम मीणा का कहना है कि उन्हें जानबूझकर ब्लैकमेल किया जा रहा है और उनके ससुराल वाले उन्हें बर्बाद करके उनकी नौकरी छीनना चाहते हैं।

Image

जयपुर की अनु ने फंदे पर लटकने से पहले किया था पति गौतम मीणा को वीडियो कॉल...फरार आरोपी बोला- मुझे ब्लैकमेल किया जा रहा

Jaipur Anu Meena suicide case: जयपुर के मानसरोवर की अनु मीणा खुदकुशी मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। ट्विशा और दीपिका के बाद सुर्खियों में आए इस मामले को शुरुआत में आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन हाल ही में सामने आए सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल रिकॉर्डिंग्स ने कहानी बदल दी है। फुटेज में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन (XEN) अधिकारी गौतम मीणा अपने बच्चे के सामने ही पत्नी अनु के साथ मारपीट और घर में तोड़फोड़ करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं, अनु के मासूम बच्चों ने भी अपने पिता गौतम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जांच के दौरान पता चला है कि गौतम ने पूरे घर को सीसीटीवी कैमरों से लैस कर रखा था और इसी एक कैमरे में उनकी बर्बरता कैद हुई है। फिलहाल अनु की मौत के बाद घर पर ताला लटका है, और पुलिस व एफएसएल (FSL) की टीमें साक्ष्य जुटाकर अनसुलझे राज तलाशने में जुटी हैं।

फरार पति गौतम मीणा का पक्ष और दावा

इस पूरे घटनाक्रम के बीच मामले में फरार चल रहे पति गौतम मीणा ने अपना बयान जारी कर खुद को बेकसूर बताया है। गौतम का कहना है कि उन्हें जानबूझकर ब्लैकमेल किया जा रहा है और उनके ससुराल वाले उन्हें बर्बाद करके उनकी नौकरी छीनना चाहते हैं। गौतम मीणा द्वारा दिए गए बयान के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:

प्रॉपर्टी और आर्थिक दावे: गौतम ने बताया कि उनके जीवन की कुल संपत्ति का 70 फीसदी हिस्सा अनु मीणा के नाम पर ही है, जिसमें जयपुर और चोमू के प्लॉट शामिल हैं। उन्होंने कभी पैसों के लिए अनु को प्रताड़ित नहीं किया, बल्कि पिछले जन्मदिन पर उसे एक गाड़ी भी गिफ्ट की थी।

7 अप्रैल (सुसाइड के दिन) की घटना: गौतम के मुताबिक, उस दिन सुबह उन्होंने खुद बच्चों को स्कूल बस में बैठाया और 8:30 बजे तक वॉक की। इसके बाद वह अनु को बताकर चोमू में चल रहे प्लॉट के काम के लिए निकल गए। रास्ते में अनु का फोन आया और उसने वापस आने को कहा, लेकिन चोमू पास होने के कारण उन्होंने मना कर दिया।

वीडियो कॉल और खुदकुशी का मंजर: गौतम का दावा है कि इसके बाद अनु ने उन्हें व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल किया और नीचे के पोर्शन से ऊपर चुनरी लेकर जाने लगी। गौतम के मना करने पर भी जब वह नहीं मानी, तो उन्होंने तुरंत अपने पड़ोसी दिग्विजय को फोन कर गेट तोड़कर अनु को बचाने के लिए कहा। पड़ोसी को गेट तोड़ने में समय लग गया, जिसके कारण वह अनु को नहीं बचा पाए। बाद में गौतम चोमू से सीधे घर पहुंचे और अनु को अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप: गौतम का आरोप है कि ससुराल वाले एक वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल कर रहे हैं। अंतिम संस्कार के बाद ससुराल वाले उनके घर से प्रॉपर्टी के कागज, गहने, मोबाइल, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और बच्चों को अपने साथ ले गए।

बच्चों को भड़काने का दावा: उनका कहना है कि उनके बच्चों को मैनिपुलेट किया जा रहा है और जो सिखाया जा रहा है, बच्चे वही बोल रहे हैं। इसके अलावा, ससुराल वालों ने अनु का इंस्टाग्राम अकाउंट भी डिलीट कर दिया है ताकि गौतम के पक्ष के सारे सबूत मिटाए जा सकें।

गौतम मीणा ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि वह जांच में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं, बशर्ते जांच पूरी तरह से पारदर्शी हो। उन्होंने मांग की है कि उनके दो बच्चों और नौकरी के वास्ते उन्हें ससुराल वालों की साजिश से बचाया जाए। उन्होंने बताया कि मेरे जीवन की पूरी संपत्ति का 70 परसेंट अन्नू मीणा के नाम है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article