देश

छावनी में तब्दील हुआ JPNIC, अखिलेश यादव के आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई, बड़ी संख्या में जुटे सपा कार्यकर्ता

Jai Prakash Narayan Centre : 11 अक्टूबर को जय प्रकाश नारायण की जयंती है। जयंती के मौके पर अखिलेश जेपीएनआईसी जाकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करना चाहते हैं लेकिन इसकी अनुमति प्रशासन की तरफ नहीं दी गई है। माल्यार्पण करने से अपने नेता को रोके जाने पर सपा, भारतीय जनता पार्टी पर हमलावर हो गई है। सपा के नेताओं ने योगी सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।

Image

जेपीएनआईसी को पुलिस ने सील कर दिया है।

KEY HIGHLIGHTS
  • जयंती के मौके पर जय प्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण करना चाहते हैं अखिलेश
  • गोमती नगर में स्थित है जेपीएनआईसी, सेंटर के आस-पास भारी संख्या में पुलिस तैनात है
  • समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष के आवास के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे हैं

Jai Prakash Narayan Centre : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव को जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (JPNIC) जाने से रोकने के लिए लखनऊ में पुलिस का भारी बंदोबस्त हुआ है। पुलिस ने जेपीएनआईसी की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग लगाकर चारो तरफ से उसे सील कर दिया है। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। यही नहीं, अखिलेश यादव के आवास के बाहर भी सुरक्षा काफी बढ़ा दी गई है। इस बीच, बड़ी संख्या में सपा के कार्यकर्ता अखिलेश के आवास के बाहर जुटना शुरू हो गए हैं।

जय प्रकाश नारायण की जयंती

बता दें कि 11 अक्टूबर को जय प्रकाश नारायण की जयंती है। जयंती के मौके पर अखिलेश जेपीएनआईसी जाकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करना चाहते हैं लेकिन इसकी अनुमति प्रशासन की तरफ नहीं दी गई है। माल्यार्पण करने से अपने नेता को रोके जाने पर सपा, भारतीय जनता पार्टी पर हमलावर हो गई है। सपा के नेताओं ने योगी सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।

यह नकारात्मकता का प्रतीक-अखिलेश

माल्यार्पण करने से रोके जाने पर अखिलेश यादव ने X पर अपने पोस्ट में कहा कि 'भाजपाई लोग हों या इनकी सरकार, इनका हर काम नकारात्मकता का प्रतीक है। पिछली बार की तरह समाजवादी लोग कहीं ‘जय प्रकाश नारायण जी’ की जयंती पर उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण करने न चले जाएं, इसीलिए उन्हें रोकने के लिए हमारे निजी आवास के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है।' सपा अध्यक्ष ने इस बारे में कई पोस्ट किए हैं। पिछले साल भी अखिलेश को जेपीएनआईसी जाने की अनुमति नहीं मिली थी लेकिन वह चारदीवारी फांदकर सेंटर में दाखिल हुए थे और प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

मुख्य द्वार को टिन की चादरों से ढंका

अखिलेश गुरुवार रात गोमती नगर में जेपीएनआईसी पहुंचे और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पर आरोप लगाया कि उसने प्रवेश रोकने के लिए मुख्य द्वार को टिन की चादरों से ढक दिया है। अखिलेश यादव ने केंद्र के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘यह जेपीएनआईसी, समाजवादियों का संग्रहालय है, यहां जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा है और इसके अंदर ऐसी चीजें हैं जिनसे हम समाजवाद को समझ सकते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘ये टिन की चादरें लगाकर सरकार क्या छिपा रही है? क्या ऐसी संभावना है कि वे इसे बेचने की तैयारी कर रहे हैं या किसी को देना चाहते हैं?’

‘हम कल कार्यक्रम तय करेंगे'

ऑनलाइन साझा किए गए एक वीडियो के अनुसार, यादव ने इमारत में पहुंचने पर एक चित्रकार से टिन की चादरों पर ‘समाजवादी पार्टी जिंदाबाद’ लिखने को कहा। यह पूछे जाने पर कि क्या वह जयप्रकाश नारायण को श्रद्धांजलि देने के लिए कल केंद्र आएंगे, यादव ने कहा, ‘हम कल कार्यक्रम तय करेंगे। वे इसे कब तक टिन की चादरों के पीछे रखेंगे।’इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘यह है भाजपा राज में आजादी का दिखावटी अमृतकाल, श्रद्धांजलि न दे पाए जनता इसलिए उठा दी गयी दीवार।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article