ईरान-इजराइल टकराव के बीच कई पंजाबी परिवार संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में फंस गए हैं। इनमें अधिकतर टूरिस्ट हैं जो घूमने गए थे पर फ्लाइट्स रद्द होने के कारण वह देश नहीं लौट पाए। ऐसे में अब लोगों को सुरक्षित वापस लाने के लिए पंजाब सरकार ने कदम उठाए हैं और NRI विंग के नंबर जारी किए हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि अरब देशों में लड़ाई की वजह से कई पंजाबियों को इन देशों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन हालातों को देखते हुए सरकार ने एनआरआई विंग के नंबर जारी किए हैं।
सीएम भगवंत मान ने कहा कि 'अरब देशों में लड़ाई की वजह से कई पंजाबियों को इन देशों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आज हम NRI विंग के नंबर जारी कर रहे हैं। अगर कोई या उनके परिवार का कोई सदस्य इन देशों में फंसा है, तो तुरंत उनसे संपर्क करें। मैं विदेश मंत्रालय के संपर्क में हूं। हम उन्हें जल्द से जल्द सभी ज़रूरी मदद देने के लिए तैयार हैं।'
NRI विंग पंजाब 24/7 कंट्रोल रूम
0172-2260042
0172-2260043
व्हाट्सएप नंबर
+91 94787 79112
इससे पहले केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार खाड़ी देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित लाने के लिए पूरी तरह तैयार है और इस संबंध में विदेशों में भारतीय मिशनों के संपर्क में है।
अमेरिका-इजराइल ने ईरान में कई जगहों पर जोरदार हमले किए
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद अमेरिका-इजराइल ने रविवार को ईरान में कई जगहों पर जोरदार हमले किए तथा बैलिस्टिक मिसाइल ठिकानों पर बम गिराए और युद्धपोत भी तबाह कर दिए।
'ईरान के नए नेतृत्व से बातचीत के लिए तैयार'
वहीं ईरान के नए नेतृत्व से बातचीत को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से दिए गए संकेतों के बीच एक शीर्ष ईरानी सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि वे वाशिंगटन से बातचीत नहीं करेंगे। ट्रंप ने रविवार को संकेत दिया था कि वह ईरान के नए नेतृत्व से बातचीत के लिए तैयार हैं। उन्होंने पत्रिका ’द अटलांटिक’ से कहा, 'वे बात करना चाहते हैं, मैंने बातचीत के लिए सहमति दे दी है, इसलिए मैं उनसे बात करूंगा।' हालांकि, ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी ने X पर चेतावनी भरे लहजे में लिखा, 'हम अमेरिका से बातचीत नहीं करेंगे।'
