Israel Hamas War Latest Update: इजरायल और हमास की जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने गाजा में युद्धविराम के लिए देश और विदेश में बढ़ती मांगें खारिज कर दी हैं। उन्होंने कहा है कि इसका इस्तेमाल हमास खुद को फिर से संगठित करने और अपने प्रभुत्व को बनाए रखने के लिए करेगा।
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन। (फाइल)
बाइडन ने इसके साथ ही वेस्ट बैंक में फिलिस्तीनियों के खिलाफ यहूदी चरमपंथियों की ओर से फैलाई जा रही हिंसा को खतम करने की अपील की। उन्होंने इस दौरान चेताया कि वे लोग (अमेरिका) जिम्मेदार व्यक्तियों पर बैन लगा सकता है।
अमेरिकी अखबार "वाशिंगटन पोस्ट" में शनिवार को छपे ओपेड में यूएस राष्ट्रपति ने इज़राइल-हमास युद्ध की तुलना यूक्रेन पर रूस के आक्रमण से की। उन्होंने अमेरिका में बढ़ती यहूदी विरोधी भावना और इस्लामोफोबिया के बारे में कहा कि हाल-फिलहाल के साल में " नफरत को बहुत अधिक ऑक्सीजन दी गई है।"
बाइडन की ओर से लिखा गया, "जब तक हमास विनाश की अपनी विचारधारा पर कायम है, तब तक संघर्ष विराम संभव नहीं है।" हमास के सदस्य संघर्ष विराम का उपयोग अपने रॉकेटों के भंडार को फिर से बनाने, लड़ाकू विमानों को पुनर्स्थापित करने और निर्दोषों पर फिर से हमला करने के लिए करेंगे।
बाइडेन ने हमास के खिलाफ इज़राइल को अटूट समर्थन की पेशकश की है, लेकिन उन्होंने खुद इज़राइल से अंतरराष्ट्रीय नियमों और कानूनों की अनदेखी न करने का आह्वान किया है। उन्होंने लिखा, "आने वाले महीनों में, संयुक्त राज्य अमेरिका अधिक शांतिपूर्ण, एकीकृत और समृद्ध मध्य पूर्व की स्थापना के लिए अपने प्रयासों को बढ़ाएगा।"
बाइडन के अनुसार, "मैं इजराइल के नेताओं से इस बात पर जोर देता रहा हूं कि वेस्ट बैंक में फिलिस्तीनियों के खिलाफ चरमपंथी हिंसा रुकनी चाहिए और हिंसा करने वालों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।"
दरअसल, हमास की ओर से सात अक्टूबर, 2023 के आतंकवादी हमलों के जवाब में इज़राइल की तरफ से जारी सैन्य अभियानों के परिणामस्वरूप गाजा में गहराते मानवीय संकट के साथ, राष्ट्रपति को अपनी ही डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से युद्धविराम के लिए बढ़ते दबाव का सामना करना पड़ रहा है। (आइएएनएस इनपुट्स के साथ)
