Israel Attacks On Iran: इजरायल और अमेरिका ने मिलकर शनिवार को ईरान के खिलाफ एहतियाती सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी। ईरान भी लगातार जवाबी कार्रवाई कर रहा है। इस युद्ध की वजह से मध्य पूर्व में अशांति का माहौल है। युद्ध के बीच कई भारतीय, ईरान और इजरायल में मौजूद हैं। इसी बीच ईरान और खाड़ी क्षेत्र में हालिया घटनाक्रम को लेकर भारत ने गहरी चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय (MEA) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए सभी पक्ष संयम बरतें और हालात को और बिगड़ने से रोकें।
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “भारत हालिया घटनाओं से गहराई से चिंतित है। हम सभी पक्षों से अपील करते हैं कि वे संयम बरतें, स्थिति को और न बढ़ाएं और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।”
कूटनीति से ही समस्या हल हो: भारत सरकार
विदेश मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि तनाव कम करने और मूल समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति का रास्ता अपनाया जाना चाहिए। बयान में कहा गया कि सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना अनिवार्य है।
भारतीय दूतावास के संपर्क में रहें भारतीय नागरिक
सरकार ने जानकारी दी कि क्षेत्र में स्थित भारतीय मिशन वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के संपर्क में हैं। मिशनों की ओर से एडवाइजरी जारी कर भारतीयों से सतर्क रहने, स्थानीय सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने और दूतावास के साथ लगातार संपर्क में बने रहने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि ईरान और खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते सैन्य और राजनीतिक तनाव के बीच वहां रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
