राजस्थान इंटेलिजेंस ने जैसलमेर निवासी पठान खान को आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत हिरासत में लिया। आरोप है कि वो लंबे समय से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI को भारत की संवेदनशील जानकारी भेज रहा था। जयपुर स्थित केंद्रीय जांच केंद्र में उससे पूछताछ जारी है, जहां सेना से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं लीक करने के ठोस प्रमाण मिले हैं। जैसलमेर के जीरो आरडी मोहनगढ़ क्षेत्र से पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहे 40 वर्षीय पठान खान को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया।
आईएसआई जासूस ने पूछताछ के दौरान अपने आरोप कबूले (प्रतीकात्मक फोटो)
पठान खान पर भारत की सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जानकारियां और सेना से जुड़ी वीडियो व फोटो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI को भेजने के गंभीर आरोप लगे हैं। इसके अलावा, ये भी पता चला कि आईएसआई भारत में जासूसी करने के लिए उन लोगों को निशाना बना रहा है जिनकी रिश्तेदारी पाकिस्तान में है। खासकर, सीमा क्षेत्र के लोग, सेना और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान इस गुप्तचरी के निशाने पर हैं। जो लोग जासूसी करने से इनकार करते हैं, उनके पाकिस्तान में रहने वाले रिश्तेदारों को परेशान किया जा रहा है। मौजूदा समय में आईएसआई भारत की सीमाओं पर हो रही गतिविधियों को जानने के लिए बेहद चिंतित है।
