देश

Iran-Israel War: ईरान-इजरायल युद्ध से खाड़ी देशों में बिगड़े हालात, Air India की दुबई, यूएई, सऊदी अरब, दोहा और कतर की फ्लाइटें रद्द

Iran-Israel War: अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमले के बाद खाड़ी देश में सतर्कता बढ़ा दी गई है। एअर इंडिया ने अबू धाबी, यूएई, सऊदी अरब, दोहा, कतर, दुबई और जेद्दा समेत कई हवाई अड्डों से कुछ उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

Image

ईरान इजरायल युद्ध से एयर इंडिया की फ्लाइट्स रद्द

Iran-Israel War : ईरान पर इजराइल और अमेरिका के संयुक्त हमलों के बाद खाड़ी क्षेत्र में हालात के लगातार बिगड़ने से प्रमुख विमानन गंतव्य एवं वाणिज्यिक केंद्र दुबई से आने-जाने वाली उड़ानों का संचालन शनिवार को बड़े पैमाने पर बाधित हुआ। हवाई क्षेत्र बंद होने से पूरे खाड़ी क्षेत्र में कई उड़ानें बाधित हुई हैं। दुबई हवाई अड्डे के बयान में कहा गया कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के हवाई क्षेत्र को आंशिक रूप से बंद किए जाने के परिणामस्वरूप डीएक्सबी और ’दुबई वर्ल्ड सेंट्रल-अल मकतूम इंटरनेशनल’ (डीडब्ल्यूसी) पर कुछ उड़ानें रद्द की गई हैं या उनमें देरी हुई है।

कई फ्लाइट्स कंपनियों ने रद्द की फ्लाइटें

बयान में कहा गया कि हम आपसे अनुरोध करते हैं कि आप अपनी विमानन कंपनी से संपर्क करें और इस समय डीएक्सबी या डीडब्ल्यूसी की ओर जाने से बचें। दुबई के दोनों हवाई अड्डों-दुबई इंटरनेशनल (डीएक्सबी) और दुबई वर्ल्ड सेंट्रल (डी डब्ल्यू सी)- का स्वामित्व दुबई एयरपोर्ट्स के पास है और यह इनका संचालन एवं प्रबंधन करती है। दुबई से और दुबई के लिए महाद्वीपों के लगभग सभी देशों में 100 से अधिक विमानन कंपनियां उड़ानें संचालित करती हैं। हवाई क्षेत्र बंद होने से एमिरेट्स और एअर इंडिया सहित कई कंपनियों की उड़ानें बाधित हुई हैं।

एमिरेट्स ने कहा कि हम स्थिति पर सक्रिय रूप से नजर रख रहे हैं, संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं और ताजा घटनाक्रम के अनुरूप अपने परिचालन में बदलाव कर रहे हैं। एमिरेट्स सभी नियामकीय आवश्यकताओं का पालन करता है और विमानन प्राधिकरणों द्वारा जारी दिशानिर्देशों का अनुसरण करता है।

एअर इंडिया ने इन देशों की फ्लाइट कीं रद्द

एअर इंडिया ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक बयान साझा कर बताया कि उसने खाड़ी क्षेत्र मुख्य रूप से अबू धाबी, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) (एयूएच), दम्माम, सऊदी अरब (डीएमएम), दोहा, कतर (डीओएच), दुबई, यूएई (डीएक्सबी), जेद्दा, सऊदी अरब (जेईडी), मस्कट, ओमान (एमसीटी), रियाद, सऊदी अरब (आरयूएच) और तेल अवीव, इजराइल (टीएलवी) में जाने वाली और वहां से आने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article