देश

Indore के मंदिर में भीड़ के बीच धंसी बावड़ी की छतः चार की गई जान, CM ने जाना मौके का हाल

  • Authored by: ललित राय
  • Updated Mar 30, 2023, 04:45 PM IST

Sri Beleshwar Temple news indore: पटेल नगर के मंदिर में हुए हादसे को लेकर एक चश्मदीद ने समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा को बताया कि धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मंदिर में पुरातन बावड़ी की छत पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ इकट्ठा हो गई थी और छत संभवत: ज्यादा लोगों का बोझ नहीं सहन कर सकी।

Image

इंदौर के श्री बेलेश्वर मंदिर में हादसा

Sri Beleshwar Temple news indore: रामनवमी पर मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित पटेल नगर के श्री बेलेश्वर मंदिर में बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में बनी बावड़ी की छत धंसने की वजह से चार लोगों की जान चली गई, जबकि 19 लोगों को रेस्क्यू किया गया। हादसे पर मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख और संवेदना जताई। अधिकारियों का कहना है पहली प्राथमिता मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाने की है। घटना के पीछे क्या वजह है उसकी जांच कराई जाएगी।

लोगों ने शासन- प्रशासन को कोसा

जिस समय बावड़ी की छत धंसी उस वक्त मंदिर में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालू मौजूद थे। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एकाएक तेज आवाज सुनाई दी और चीख पुकार मच गई। रामनवमी की वजह से पुलिस और प्रशासन के लोग मौके पर मौजूद थे और राहत बचाव का काम तेजी से शुरू किया गया। हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि हादसे के बहुत देर बाद अधिकारी, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंची।

तंग गलियों से परेशानी

तंग गलियों से लोग बाहर निकलने की कोशिश करने लगे उसकी वजह से भी भगदड़ जैसे हालात बने। इसके साथ ही राहत और बचाव कार्य में भी परेशानी आई।खास बात यह है कि जब इस घटना को कवर करने के लिए मीडियाकर्मी मौके पर पहुंचे तो उनके साथ बदसलूकी भी हुई। मौके पर तनाव है, हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि हालात को सामान्य बनाने की कोशिश की जा रही है।

इलाके के कुछ लोगों का कहना है कि बावड़ी के करीब मंदिर को अवैझ तरीके से बनाया गया था जिसे कुछ स्थानीय नेताओं का समर्थन हासिल था। इस निर्माण के बारे में पहले भी शिकायत स्थानीय और बड़े अधिकारियों तक की गई थी। लेकिन सुनवाई नहीं हुई। हालांकि प्रशासन का कहना है कि जो आरोप लगाए जा रहे हैं उसकी सत्यता की जांच की जाएगी और जो लोग दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ललित राय
ललित रायauthor

खबरों को सटीक, तार्किक और विश्लेषण के अंदाज में पेश करना पेशा है। पिछले 10 वर्षों से डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव है।

और पढ़ें
End of Article