देश

अब इंडिगो की फ्लाइट में मिली बम की धमकी, अहमदाबाद के लिए किया गया डायवर्ट; 3 दिन में 12 फ्लाइट्स को मिली धमकी

Indigo Bomb Threat: पिछले कुछ दिन से कई विमानों में बम होने की इसी तरह की धमकी भरी सूचनाएं मिल रही हैं। मंगलवार को एयर इंडिया की कई उड़ानों में बम की धमकी मिली थी। बुधवार को आकाशा एयर के बाद दिल्ली से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में बम होने की धमकी दी गई।

Image

बम की धमकी के बाद फ्लाइट डायवर्ट।

Photo : iStock

Indigo Bomb Threat: एयर इंडिया फ्लाइट में बम की धमकी के बाद अब मुंबई से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान में बम होने की धमकी मिली है। इसके बाद विमान का रूट डायवर्ट करके उसे अहमदाबाद भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान विमान में कुछ नहीं मिला और बम होने की सूचना गलत निकली। उन्होंने बताया कि विमान को अलग थलग रखा गया था और सभी यात्रियों को विमान से उतारकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। विमान में कुछ भी संदेहास्पद नहीं मिला और विमान ने बुधवार सुबह दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी।

सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार की रात को विमान ने जैसे ही मुंबई से उड़ान भरी, एक अज्ञात व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर विमान में बम रखे होने का दावा किया। विमान में करीब 200 यात्री और चालक दल के सदस्य थे। अधिकारी ने बताया कि मुंबई एटीसी (हवाई यातायात नियंत्रक) द्वारा सूचित किए जाने के बाद पायलट ने विमान की अहमदाबाद हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग कराने का फैसला किया, जो दिल्ली जाने के मार्ग में सबसे नजदीकी हवाई अड्डा है।

आकासा एयरलाइंस में भी मिली थी बम की धमकी

बता दें, पिछले कुछ दिन से कई विमानों में बम होने की इसी तरह की धमकी भरी सूचनाएं मिल रही हैं। अब तक ये सूचनाएं जांच के बाद गलत साबित हुई हैं। सूत्रों के अनुसार, बेंगलुरु जा रहा आकासा एयर का एक विमान बम की धमकी मिलने के बाद बुधवार दोपहर राष्ट्रीय राजधानी लौट आया। सोमवार को मुंबई से उड़ान भरने वाली तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बम होने की धमकी मिली। न्यूयॉर्क जाने वाली एअर इंडिया की एक उड़ान का मार्ग परिवर्तित कर उसे नयी दिल्ली भेजा गया और उसकी यात्रा का समय बदल दिया गया, जबकि इंडिगो की दो अन्य उड़ानों में कई घंटों की देरी हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी विमान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को बम की धमकी के कारण 211 यात्रियों के साथ दिल्ली से शिकागो जा रहे एअर इंडिया के एक विमान का मार्ग परिवर्तित कर उसे कनाडा उतारा गया था। इसके अलावा सिंगापुर आर्म्ड फोर्सेस ने मंगलवार को एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान में बम की धमकी मिलने के बाद उसे आबादी वाले क्षेत्रों से दूर ले जाने के लिए दो लड़ाकू विमानों को भेजा, जिसके बाद विमान को सिंगापुर के चांगी हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतार लिया गया। मदुरै से सिंगापुर जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या आईएक्स 684 में बम होने की धमकी मिली थी।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article