Indian Railways IRCTC Latest News: भारतीय रेल के मुसाफिरों को इन दिनों बड़े महीन तरीके से चूना लगाया जा रहा है। असल ऐप के नाम पर उन्हें नकली मोबाइल ऐप डाउनलोड करा फ्रॉड का शिकार बनाया जा रहा है। इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) ने इसी को लेकर अपने यूजर्स को आगाह किया है। कहा है कि कुछ लोग आईआरसीटीसी का नाम इस्तेमाल कर के लिंक भेजकर फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। ऐसे में लोग सावधान रहें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)
शुक्रवार (चार अगस्त 2023) को आईआरसीटीसी की ओर से इस बाबत ट्वीट कर अलर्ट जारी किया गया। कहा गया, "ऐसा पता चला है कि फर्जी मोबाइल ऐप कैंपेन चलाया जा रहा है, जिसमें बड़े स्तर पर कुछ जालसाज फिशिंग लिंक्स भेज कर यूजर्स से फर्जी मोबाइल ऐप (आईआरसीटीसी रेल कनेक्ट) डाउनलोड करने के लिए कहते हैं।"
ट्वीट में आगे बताया गया- यह ऐप आम लोगों को फर्जीवाड़े से जुड़ी घटनाओं में फंसाने के लिए है। यही वजह है कि लोगों को सलाह दी जाती है कि वे इस तरह के झांसे में न आए और सिर्फ आईआरसीटीसी के आधिकारिक रेल कनेक्ट मोबाइल ऐप ही यूज करें, जो कि गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर पर उपलब्ध है।
आगे यह भी कहा गया, "आप लोग सिर्फ आईआरसीटीसी के आधिकारिक नंबर्स पर ही कॉल करें, जो कि आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट irctc.co.in पर आपको मिल जाएंगे। अलर्ट रहें, सुरक्षित रहें।"
