Nuh Violence Latest Update: हरियाणा के नूंह जिले में भड़की सांप्रदायिक हिंसा के मामले में सरकारी अफसरों पर गाज गिरी है। शुक्रवार (चार अगस्त, 2023) को आईएएस अधिकारी और जिला के डिप्टी कमिश्नर प्रशांत पवार का तबादला कर दिया गया। उनकी जगह पर धीरेंद्र खड़गता नए डिप्टी कमिश्नर होंगे। वैसे, इससे पहले जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) वरुण सिंगला का तबादला हुआ, जो कि हिंसा के दौरान छुट्टी पर थे। अफसरों ने इस बारे में समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि सिंगला को भिवानी का एसपी नियुक्त किया गया है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टी वी एस एस प्रसाद द्वारा तीन अगस्त को जारी सरकारी आदेश के अनुसार, सिंगला की गैर-मौजूदगी में अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे नरेंद्र बिजारनिया को नूंह का एसपी नियुक्त किया गया। बिजारनिया नूंह और आसपास के इलाकों में कानून और व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) के वास्ते बतौर विशेष ड्यूटी अधिकारी के रूप में भी कार्यरत थे।

Nuh Riots Update
इस बीच, सूबे के गृह मंत्री अनिल विज ने साफ कहा है कि हिंसा की इन घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ताजा अपडेट देते हुए वह आगे बोले- झड़पों के सिलसिले में अब तक (खबर लिखे जाने तक) कुल 202 लोग गिरफ्तार किए गए और 80 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया। 102 प्राथमिकी दर्ज हुई हैं, जिनमें आधी अकेले नूंह में और बाकी गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल सहित अन्य जिलों में दर्ज की गईं।
विज के मुताबिक, मामले से जुड़ी जांच फिलहाल जारी है। वैसे, नूंह में साइबर अपराध थाने को निशाना बनाए जाने के सवाल पर वह बोले, ‘‘हमने घटना को बहुत गंभीरता से लिया है। यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि थाने पर हमला किसने किया और वे कौन से रिकॉर्ड नष्ट करना चाहते थे।’’
दरअसल, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की शोभायात्रा पर सोमवार (31 जुलाई, 2023) को भीड़ की ओर से हमला किए जाने के बाद मुस्लिम बहुल नूंह समेत हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में हुई झड़पों में होम गार्ड के दो जवान और एक इमाम सहित छह लोगों की मौत हो गई थी।
