भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। रेल भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में यात्रियों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। रेल मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे विभिन्न सरकारी एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सीमावर्ती क्षेत्रों में लोगों की सहायता हेतु विशेष गाड़ियों का संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नियमित गाड़ियों के साथ-साथ परिस्थिति को देखते हुए विशेष गाड़ियों की व्यवस्था की जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
IPL खिलाड़ी ट्रेन से लाए गए
इसी क्रम में 9 मई 2025 को रेलवे द्वारा जम्मू और उधमपुर से कुल चार विशेष गाड़ियों का संचालन किया गया। इनमें तीन गाड़ियाँ आम यात्रियों के लिए चलाई गईं, जबकि एक विशेष गाड़ी का संचालन बीसीसीआई के अनुरोध पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए किया गया।
रेलवे की पहली विशेष गाड़ी (04612) जम्मू स्टेशन से सुबह 10:45 बजे रवाना हुई, जिसमें 12 अनारक्षित और 12 आरक्षित श्रेणी के कोच लगाए गए थे। इसके बाद 20 कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस दिन में 12:45 बजे उधमपुर से चलकर जम्मू और पठानकोट होते हुए नई दिल्ली पहुंची। तीसरी विशेष गाड़ी, जिसमें 22 एलएचबी कोच शामिल थे, संध्या 7:00 बजे जम्मू से रवाना हुई।
आईपीएल खिलाड़ियों के लिए संचालित विशेष गाड़ी दिन में 3:30 बजे जम्मू से चली और शाम को नई दिल्ली स्टेशन पर पहुंची। यह गाड़ी पूरी तरह से खिलाड़ियों और संबंधित अधिकारियों के लिए आरक्षित थी। रेल मंत्रालय ने बताया कि देश हित में रेलवे 24 घण्टे काम करने को तैयार है जरूरत पड़ी तो बिना किसी ओवरटाइम के कर्मचारी 24 घण्टे काम करेंगे।
