देश

पाक जा रही चीनी पनडुब्बियों-युद्धपोतों पर Indian Navy की करीबी नजर, पहली बार करेंगे संयुक्त समुद्री गश्त

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Nov 15, 2023, 03:37 PM IST

सूत्रों ने बताया कि चीनी युद्धपोतों और पनडुब्बियों के मलक्का जलडमरुमध्य के रास्ते हिंद महासागर में दाखिल होने के साथ ही नौसेना ने उन पर नजर रखनी शुरू कर दी थी।

Image

चीन-पाक नौसेना युद्धाभ्यास (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Chinese Submarines And Warships: चीन और पाकिस्तान जल्द ही संयुक्त नौसेना युद्धाभ्यास करने जा रहे हैं। इसे लेकर भारतीय नौसेना भी पूरी तरह अलर्ट है। भारतीय नौसेना पाकिस्तान में आयोजित युद्धाभ्यास में हिस्सा लेने के लिए जा रही चीनी पनडुब्बियों और युद्धपोतों पर करीब से नजर रखे हुए है। सरकारी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। 'सी गार्डियंस-3' नाम का यह संयुक्त युद्धाभ्यास एक सप्ताह तक चलेगा।

चीनी युद्धपोतों और पनडुब्बियां हिंद महासागर में दाखिल

सूत्रों ने बताया कि चीनी युद्धपोतों और पनडुब्बियों के मलक्का जलडमरुमध्य के रास्ते हिंद महासागर में दाखिल होने के साथ ही नौसेना ने उन पर नजर रखनी शुरू कर दी थी। समुद्री सुरक्षा को लेकर पाकिस्तान के साथ होने वाले युद्धाभ्यास के लिए चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने अग्रिम मोर्चे के युद्धपोतों और पनडुब्बियों सहित कई पोतों को तैनात किया है। सूत्रों ने बताया कि भारत की व्यापक समुद्री निगरानी के तहत नौसेना राष्ट्रीय सुरक्षा हितों के अनुरूप, हिंद महासागर क्षेत्र में सभी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखती है।

एक सप्ताह तक चलेगा 'सी गार्डियंस-3'

चीनी और पाकिस्तानी नौसेनाओं ने उत्तरी अरब सागर में एक सप्ताह तक चलने वाला संयुक्त अभ्यास 'सी गार्डियंस-3' शुरू किया है। डॉन न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, कराची में नौसैनिक अड्डे पर हो रहे इस युद्धाभ्यास में पनडुब्बी रोधी अभियान और संयुक्त समुद्री गश्त शामिल है, जो दोनों सहयोगियों के बीच अपनी तरह का पहला सहयोग है।

चीन-पाकिस्तान पहली बार संयुक्त समुद्री गश्त करेंगे

चीन के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता, वरिष्ठ कर्नल वू कियान ने कहा कि अभ्यास के दौरान चीन और पाकिस्तान पहली बार संयुक्त समुद्री गश्त करेंगे। समुद्री सुरक्षा खतरों के लिए संयुक्त प्रतिक्रिया की सोच के साथ चाइना मिलिट्री न्यूज वेबसाइट ने वू के हवाले से कहा कि अभ्यास में फॉर्मेशन मूवमेंट, वीबीएसएस (विजिट, बोर्ड, खोज और जब्ती), हेलीकॉप्टर क्रॉस-डेक लैंडिंग, खोज और बचाव, पनडुब्बी रोधी ऑपरेशन शामिल होंगे।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article