Vinay Narwal : जम्मू्-कश्मीर की वादी को आतंकवादियों ने मंगलवार को एक बार फिर दहला दिया। पहलगाम से करीब 85 किलोमीटर दूर बैसारण घाटी में आतंकियों ने मंगलवार को कम से कम 26 निर्दोष पर्यटकों की गोली मारकर हत्या कर दी। इनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। इस हत्याकांड के बाद देश में भारी गुस्सा और आक्रोश है। इस हमले में करनाल के सेक्टर 7 के रहने वाले विनय नरवाल की मौत हई है। दो साल पहले विनय नरवाल नौसेना में भर्ती हुए थे। कुछ दिन पहले 16 अप्रैल को ही उनकी शादी हुई थी और इस शादी का रिसेप्शन 19 अप्रैल को हुआ। इसके बाद पति-पत्नी दोनों कश्मीर घूमने के लिए निकले थे। बैसारण घाटी में आतंकियों की गोली का निशाना विनय भी बने।
पहलगाम में मंगलवार को हुआ आतंकी हमला।
लेफ्टिनेंट के पद पर तैनात थे
नौसेना में विनय लेफ्टिनेंट के पद पर तैनात थे। उनका परिवार करनाल के सेक्टर 7 में रहता है। बेटे की मौत की खबर पाकर परिवार के कुछ सदस्य श्रीनगर रवाना हो गए हैं। परिवार में मातम छा गया है और वे सदमे में हैं। कोई भी कुछ बोल नहीं रहा। लोगों का कहना है कि अभी शादी समारोह की खुमार उतरी भी नहीं थी कि यह अत्यंत दुखद घटना हो गई।
16 अप्रैल को हुई थी शादी
विनय की शादी कुछ दिन पहले ही हुई थी और अभी परिवार में खुशियों का माहौल था कि अचानक खुशियां मातम में बदल गईं। पहलगाम में हुए आतंकी हमले में कोच्चि में तैनात भारतीय नौसेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नवल जिनकी उम्र 28 वर्ष के करीब थी। वह शादी की छुट्टियां बीताने कश्मीर घाटी गए हुए थे। विनय भूसली गांव के रहने वाले थे। करनाल के सेक्टर 7 में वह अपनी बहन और माता-पिता के साथ रहते थे।उनकी पत्नी का नाम हिमांशी है जो गुरुग्राम की रहने वाली हैं।
मृतकों में यूएई-नेपाल के नागरिक भी
इस भीषण एवं क्रूर आतंकी हमले में जिन 26 लोगों की जान गई हैं उनमें दो नागरिक यूएई और नेपाल से हैं। मृतकों में दो स्थानीय निवासी भी शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि मृतकों की संख्या का अभी पता लगाया जा रहा है। उन्होंने इस आतंकी हमले को ‘हाल के वर्षों में आम लोगों पर सबसे बड़ा हमला’बताया। अधिकारियों ने बताया कि मारे गए 26 लोगों में से 22 की पहचान हो गई है तथा अन्य चार की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भारत की यात्रा पर हैं और पर्यटन तथा ‘ट्रैकिंग’ का सीजन जोर पकड़ रहा है। हमला अपराह्न करीब तीन बजे हुआ।
