देश

ईरानियन हॉस्पिटल बंद होने से भारतीय नर्सों पर मंडराया संकट; CM सतीशन ने PM मोदी को पत्र लिखकर की यह अपील

Indian Healthcare Workers Visa Issues: केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर यूएई में फंसे भारतीय स्वास्थ्यकर्मियों के मुद्दे पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

Image

केरल के मुख्यमंत्री सतीशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा पत्र (फोटो साभार: @vdsatheesan)

Photo : Twitter

Indian Healthcare Workers Visa Issues: केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में फंसे भारतीय स्वास्थ्यकर्मियों के मुद्दे पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों में बड़ी संख्या केरल से जुड़े नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों की है, जो दुबई के ईरानियन हॉस्पिटल में कार्यरत थे।

क्या है पूरा मामला?

मुख्यमंत्री के अनुसार, हालिया क्षेत्रीय घटनाक्रमों के बीच अस्पताल के बंद होने के बाद कई भारतीय स्वास्थ्यकर्मी गंभीर संकट में हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, उन्हें यूएई में वीजा संबंधी प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके लिए नई नौकरी प्राप्त करना, विजिट वीजा लेना या डिपेंडेंट वीजा हासिल करना मुश्किल हो गया है।

आजीविका का मंडराया खतरा

मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को लिखे पत्र में कहा कि इन परिस्थितियों के कारण सालों से यूएई में रह रहे भारतीय परिवारों के सामने अनिश्चितता, आर्थिक कठिनाइयों और आजीविका छिनने का खतरा पैदा हो गया है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि प्रभावित स्वास्थ्यकर्मियों ने कोविड-19 महामारी के दौरान अग्रिम पंक्ति में रहकर महत्वपूर्ण सेवाएं दी थीं और उन्होंने स्थानीय कानूनों का भी पूरी तरह पालन किया है।

बकौल मुख्यमंत्री, कई प्रभावित कर्मचारियों का ग्रेस पीरियड भी समाप्त होने वाला है। इस कर्मचारियों को इस बात की चिंता सता रही है कि अगर उसकी समस्याओं का निवारण नहीं हुआ तो उन्हें यूएई छोड़ना पड़ सकता है। इससे न केवल उनके रोजगार के अवसर प्रभावित होंगे, बल्कि उनके पेशेवर लाइसेंस और भविष्य की संभावनाओं पर भी असर पड़ सकता है।

सतीशन ने PM मोदी से की यह अपील

मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी ने अनुरोध किया कि विदेश मंत्रालय इस मामले की जांच करे तथा यूएई में भारतीय दूतावास और संबंधित यूएई अधिकारियों के साथ बातचीत कर प्रभावित स्वास्थ्यकर्मियों के लिए न्यायसंगत और सहानुभूतिपूर्ण समाधान तलाश करें।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article