देश

बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा: 35 दुर्गा पूजा पंडालों को निशाना बनाए जाने पर विदेश मंत्रालय ने जताई चिंता, जानिए क्या कहा?

Bangladesh Durga Puja Pandals News: भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, हमने ढाका के तांतीबाजार में पूजा मंडप पर हमले तथा सतखीरा में प्रतिष्ठित जेशोरेश्वरी काली मंदिर में चोरी की घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। ये निंदनीय घटनाएं हैं। हम बांग्लादेश की सरकार से हिंदुओं के साथ सभी अल्पसंख्यकों और उनके पूजा स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान करते हैं।

Image

बांग्लादेश में दुर्गा पूजा पंडालों को निशाना बनाए जाने पर भारत ने जताई चिंता।

Bangladesh Durga Puja Pandals News: बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद हिंदुओं के खिलाफ हमले जारी हैं। अब यहां दुर्गा पूजा पंडालों को निशाना बनाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश में दुर्गा पूजा उत्सव से संबंधित 35 घटनाएं सामने आई हैं। इसके बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने चिंता जाहिर करते हुए बयान जारी किया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि है कि हम बांग्लादेश की सरकार से हिंदुओं के साथ सभी अल्पसंख्यकों और उनके पूजा स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान करते हैं।

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा, हमने ढाका के तांतीबाजार में पूजा मंडप पर हमले तथा सतखीरा में प्रतिष्ठित जेशोरेश्वरी काली मंदिर में चोरी की घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। ये निंदनीय घटनाएं हैं। वे मंदिरों तथा देवताओं को अपवित्र करने तथा नुकसान पहुंचाने के एक व्यवस्थित पैटर्न का पालन करते हैं, जिसे हम पिछले कई दिनों से देख रहे हैं। हम इस पवित्र त्योहार के समय बांग्लादेश सरकार से हिंदुओं के साथ सभी अल्पसंख्यकों और उनके पूजा स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान करते हैं।

अब तक 17 लोग गिरफ्तार

उधर, बांग्लादेश में दुर्गा पूजा पंडालों को निशाना बनाए जाने की घटना में अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही 12 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। द ढाका ट्रिब्यून ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) मोहम्मद मोइनुल इस्लाम के हवाले से बताया कि एक अक्टूबर से लेकर अब तक देशभर में जारी दुर्गा पूजा उत्सव से संबंधित 35 घटनाएं हुई हैं, जिनमें 11 मामले दर्ज किए जा रहे हैं। 24 जनरल डायरी (जीडी) दर्ज की गयी और 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने शुक्रवार को ढाका में बताया कि देशभर में 32,000 से अधिक मंडप में दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है।

पीएम मोदी द्वारा दिया गया सोने का मुकुट चोरी

बांग्लादेश में यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुए हैं जब एक दिन पहले ही पता चला था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उपहार में दिया गया एक हस्तनिर्मित स्वर्ण मुकुट दुर्गा पूजा समारोह के दौरान बांग्लादेश के दक्षिण-पश्चिमी सतखीरा जिला स्थित एक हिंदू मंदिर से चोरी हो गया था। चोरी की इस घटना पर भारत ने चिंता व्यक्त की थी। आईजीपी इस्लाम ने सोने का मुकुट चोरी होने की घटना पर आश्वस्त किया कि पुलिस के पास घटना के लिए जिम्मेदार लोगों का रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा, ऐसे व्यवधानों में शामिल लोगों को सजा दिलाई जाएगी। अगर कोई दुर्गा पूजा के दौरान अराजकता पैदा करने या दुर्भावनापूर्ण गतिविधियों में शामिल होने का प्रयास करेगा तो हम सख्त कार्रवाई करेंगे।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article