देश

सेना ने देशवासियों का मस्तक ऊंचा किया, हनुमान जी के आदर्श का किया पालन...ऑपरेशन सिंदूर पर बोले राजनाथ

ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना की जमकर तारीफ की। राजनाथ ने कहा कि ​​सेना ने सतर्कता, सटीकता, मानवता के साथ ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया।

Image

ऑपरेशन सिंदूर पर बोले राजनाथ

Photo : PTI

Rajnath Singh on Operation Sindoor: पीओके और पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) में नेस्तनाबूत किए जाने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना की जमकर तारीफ की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना के 'ऑपरेशन सिंदूर' पर रिएक्शन दिया। उन्होंने सेना की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय सेना ने सभी भारतवासियों का मस्तक ऊंचा किया है। भारतीय सेनाओं ने अपने शौर्य और पराक्रम का परिचय देते हुए एक नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि हमने हनुमान जी के उस आदर्श का पालन किया है, जो उन्होंने अशोक वाटिका उजाड़ते हुए किया था। हमने केवल उन्हीं को मारा, जिन्होंने हमारे मासूमों को मारा।

सेना ने सभी भारतवासियों का मस्तक ऊंचा किया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को 6 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के 50 इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की शुरुआत के अवसर पर संबोधित करते हुए कहा, पीएम मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय सेना ने सभी भारतवासियों का मस्तक ऊंचा किया है। कल रात भारतीय सेनाओं ने अपने शौर्य और पराक्रम का परिचय देते हुए एक नया इतिहास रच दिया है।

सटीकता, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई

उन्होंने आगे कहा कि भारत की सेना ने सटीकता, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की है। हमने जो लक्ष्य तय किए थे, उन्हें ठीक समय, तय योजना के अनुसार सटीकता के साथ ध्वस्त किया है और किसी भी नागरिक ठिकाने को प्रभावित न होने देने की संवेदनशीलता भी हमारी सेना ने दिखाई है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सेना के जवानों ने एक तरीके की सटीकता, सतर्कता और मानवीयता दिखाई है। जिसके लिए मैं सेना के जवानों और अधिकारियों को पूरे देश की तरफ से साधुवाद देता हूं। सेना को संपूर्ण संबल प्रदान करने के लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी को भी साधुवाद देता हूं।

हमने हनुमान जी के आदर्श का पालन किया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, हमने हनुमान जी के उस आदर्श का पालन किया है, जो उन्होंने अशोक वाटिका उजाड़ते हुए निभाया था। 'जिन्ह मोहि मारा तिन मोहि मारे'... हमने केवल उन्हीं को मारा, जिन्होंने हमारे मासूमों को मारा। हमारी सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पहले की तरह इस बार भी आतंकियों को ट्रेनिंग देने वाले कैंप को तबाह करके करारा जवाब दिया है।

हमले का जवाब देने का अधिकार

भारत ने अपनी सरजमीं पर हुए हमले का जवाब देने के लिए, अपने प्रतिक्रिया के अधिकार का इस्तेमाल किया है। हमारी यह कार्रवाई, बेहद सोच-समझकर, सधे हुए तरीके से की गई है। आतंकियों के हौसले पस्त करने के उद्देश्य से, यह कार्रवाई, महज उनके ठिकानों और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर तक ही सीमित रखी गई है। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 'भारत माता की जय' के नारे भी लगाए।

सेनाओं ने आतंकवादी प्रशिक्षण शिविरों को नष्ट किया

पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर भारत के सैन्य हमलों पर राजनाथ सिंह ने कहा, हमारी कार्रवाई बहुत सोच-समझकर और नपे-तुले तरीके से की गई है। भारत ने अपनी धरती पर हुए हमले का जवाब देने के अपने अधिकार का इस्तेमाल किया है। 'ऑपरेशन सिंदूर' के साथ, हमारी सेनाओं ने आतंकवादी प्रशिक्षण शिविरों को नष्ट करके मुंहतोड़ जवाब दिया है। हमने किसी भी नागरिक आबादी को प्रभावित नहीं होने देकर संवेदनशीलता दिखाई है। उन्होंने कहा कि हमने जो लक्ष्य निर्धारित किए थे, उन्हें योजना के अनुसार सटीकता के साथ नष्ट कर दिया गया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article