देश

UN में गूंजा भारत का नाम: लेबनान में आतंकियों के बीच महिलाओं की ढाल बनीं मेजर अभिलाषा बराक, संयुक्त राष्ट्र ने दिया ये बड़ा सम्मान

Indian Army First Female Combat Helicopter Pilot: मेजर अभिलाषा बराक भारतीय सेना की उड्डयन कोर में पहली महिला लड़ाकू हेलीकॉप्टर पायलट बनकर पहले ही इतिहास रच चुकी हैं।

Image

UN में गूंजा भारत का नाम: लेबनान में आतंकियों के बीच महिलाओं की ढाल बनीं मेजर अभिलाषा बराक, संयुक्त राष्ट्र ने दिया ये बड़ा वैश्विक सम्मान

Major Abhilasha Barak: भारतीय सेना की बेटियां आज न सिर्फ देश की सीमाओं पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी बहादुरी और नेतृत्व का लोहा मनवा रही हैं। इसी कड़ी में भारतीय सेना की पहली महिला लड़ाकू हेलीकॉप्टर पायलट मेजर अभिलाषा बराक ने वैश्विक मंच पर तिरंगे का गौरव बढ़ाया है। मेजर अभिलाषा को साल 2025 के 'यूनाइटेड नेशंस मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर' (UN Military Gender Advocate of the Year Award) पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

यह पुरस्कार उन्हें लेबनान में संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन (UNIFIL) में अपनी तैनाती के दौरान महिलाओं और लड़कियों के अधिकारों की रक्षा करने और लैंगिक समानता (Gender Equality) को बढ़ावा देने के लिए दिया गया है।

कौन हैं मेजर अभिलाषा बराक?

मेजर अभिलाषा बराक भारतीय सेना की उड्डयन कोर (Army Aviation Corps) में पहली महिला लड़ाकू हेलीकॉप्टर पायलट बनकर पहले ही इतिहास रच चुकी हैं। वह वर्तमान में लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (UNIFIL - United Nations Interim Force in Lebanon) के साथ एक फ्रंटलाइन कमांडर के रूप में तैनात हैं। युद्ध और संघर्ष से जूझ रहे लेबनान जैसे संवेदनशील क्षेत्र में उन्होंने न सिर्फ शांति स्थापित करने में मदद की, बल्कि वहां की स्थानीय महिलाओं के जीवन को बदलने का बीड़ा भी उठाया।

5000 से अधिक महिलाओं और लड़कियों की बदली जिंदगी

एक फ्रंटलाइन कमांडर के रूप में अपनी जान जोखिम में डालते हुए मेजर अभिलाषा ने लेबनान के युद्ध-प्रभावित क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर आउटरीच कार्यक्रम चलाए। उन्होंने 5,000 से अधिक स्थानीय महिलाओं और लड़कियों से सीधा संपर्क साधा। उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण (Vocational Training), शिक्षा और स्वास्थ्य कार्यक्रम चलाए। साथ ही युद्ध के बाद के तनाव और संकट से उबरने और महिला सशक्तिकरण में उनकी मदद की।

'अंतरराष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षक दिवस' पर मिला सम्मान

संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा अभियानों के प्रमुख जीन-पियरे लैक्रिक्स (Jean-Pierre Lacroix) ने सोशल मीडिया पर मेजर अभिलाषा को बधाई देते हुए उनके काम की सराहना की। 'अंतरराष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षक दिवस' (International Day of UN Peacekeepers) के विशेष अवसर पर संयुक्त राष्ट्र भारत (UN India) ने भी उन्हें सम्मानित करते हुए कहा कि मेजर अभिलाषा का यह नेतृत्व दुनिया भर के शांति मिशनों के लिए एक मिसाल है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article