देश

भारतीय सेना ने ‘आपरेशन सिंदूर’ से दिलाया इंसाफ, ये नया भारत है, सरहद के पार भी करता है बड़ी कार्रवाई, बोले राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री ने कहा कि जिन भारत विरोधी और आतंकी संगठनों ने भारत माता के मस्तक पर हमला करके कई परिवारों के सिंदूर मिटाए थे, उन्हें भारतीय सेना ने ‘आपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से इंसाफ दिलाने का काम किया है।

Image

राजनाथ सिह ने सुनाई खरी-खरी

Rajnath Singh On Operation Sindoor: पाकिस्तान के साथ तनाव के बीच आज लखनऊ में ब्रह्मोस एयरोस्पेस इंटीग्रेशन एंड टेस्टिंग फैसिलिटी का उद्घाटन हुआ। इस समारोह में भले ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह नहीं पहुंच पाए लेकिन अपने संदेश में उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर, भारतीय सेना के पराक्रम और मौजूदा सरकार का नजरिया सामने रखा। राजनाथ सिंह ने कहा, आज राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस है। 1998 में इसी दिन अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हमारे वैज्ञानिकों ने पोखरण में परमाणु परीक्षण किया था और दुनिया को भारत की ताकत दिखाई थी। वह परीक्षण हमारे वैज्ञानिकों, इंजीनियरों, रक्षा कर्मियों और कई अन्य हितधारकों के अथक प्रयासों का परिणाम था।

राजनाथ ने कहा, मैं भले ही आपके बीच नहीं आया, लेकिन अपने उत्साह के माध्यम से आप मुझ तक जरूर पहुंच गए हैं। यह अपने आप में एक संदेश है, कि चाहे हम किसी भी परिस्थिति में रहें, यह देश चलता रहेगा, हमारा काम नहीं रुकेगा। किसी भी स्थिति में हमारा संवाद नहीं टूटेगा। आज का दिन हमारे शहर लखनऊ, हमारे राज्य उत्तर प्रदेश, और हमारे पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। आज का दिन, मैं समझता हूं उस शक्ति की आराधना का दिन है, जो हमारी सेनाओं को संबल प्रदान करती है, जो हमारी सेनाओं में निहित होकर दुश्मन पर कहर बरपाती है।

मैंने अपने शहर लखनऊ के लिए एक सपना देखा था

आज का दिन मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से महत्वपूर्ण है। क्योंकि मैंने अपने शहर लखनऊ के लिए एक सपना देखा था कि मेरा शहर, भारत के डिफेंस सेक्टर को मज़बूत करने में एक बड़ा योगदान दे, वह सपना अब पूरा हो रहा है। ब्रह्मोस इंटीग्रेशन और टेस्टिंग केंद्र का उद्घाटन इसलिए भी महत्व रखता है, क्योंकि आज का दिन बड़ा खास है। आप सब तो जानते ही हैं कि आज नेशनल टेक्नोलॉजी डे है। आज ही के दिन 1998 में श्रद्धेय अटल विहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में हमारे वैज्ञानिकों ने पोखरण में परमाणु परीक्षण करके दुनिया को भारत की ताकत दिखाई थी। वह परीक्षण, हमारे वैज्ञानिकों, इंजीनयिर, डिफेंस कर्मी और कई अन्य हितधारकों के अथक प्रयासों का परिणाम था।

ऑपरेशन सिंदूर ने दिलाया इंसाफ

रक्षा मंत्री ने कहा कि जिन भारत विरोधी और आतंकी संगठनों ने भारत माता के मस्तक पर हमला करके कई परिवारों के सिंदूर मिटाए थे, उन्हें भारतीय सेना ने ‘आपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से इंसाफ दिलाने का काम किया है। इसके लिए आज पूरा देश भारतीय सेनाओं का अभिनंदन कर रहा है। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारतीय सेना ने पीड़ितों को न्याय दिया है। यह ऑपरेशन आतंकवाद के खिलाफ़ है और भारतीय शक्ति को दर्शाता है। हमने कभी उनके नागरिकों को निशाना नहीं बनाया, लेकिन वे हमारे नागरिकों और पूजा स्थलों को निशाना बना रहे हैं। न सिर्फ एलओसी पर बल्कि हमने रावलपिंडी तक उन पर हमला किया, हमने पाकिस्तान के अंदर कई हमले किए। यह नया भारत है जो प्रभावी हमले कर सकता है।

सामाजिक और सामरिक इच्छाशक्ति का प्रतीक

आपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई भर नहीं है, बल्कि भारत की राजनीतिक, सामाजिक और सामरिक इच्छाशक्ति का प्रतीक है। यह ऑपरेशन आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति का और सैन्य शक्ति की क्षमता और संकल्प शक्ति का भी प्रदर्शन है। हमने दिखाया है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ जब भी कोई कार्रवाई करेगा तो आतंकवादियों और उनके आकाओं के लिए सरहद पार की जमीन भी सुरक्षित नहीं रहेगी। भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर को पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ढांचा ढहाने के उद्देश्य से लांच किया था। हमने उनके आम नागरिकों को कभी निशाना नहीं बनाया। मगर पाकिस्तान ने न सिर्फ भारत के नागरिक इलाकों को निशाना बनाया बल्कि मंदिर, गुरुद्वारा और गिरिजाघर पर भी हमले करने का प्रयास किया।

भारत की सेनाओं की धमक उस रावलपिंडी तक सुनी गई

उन्होंने कहा, भारतीय सेना ने शौर्य और पराक्रम के साथ-साथ संयम का भी परिचय देते हुए पाकिस्तान के अनेक सैन्य ठिकानों पर प्रहार करके करारा जवाब दिया है। हमने केवल सीमा से सटे सैन्य ठिकानों पर ही नहीं कार्रवाई की बल्कि भारत की सेनाओं की धमक उस रावलपिंडी तक सुनी गई जहां पाकिस्तानी फौज का हेडक्वार्टर मौजूद है। भारत में आतंकवादी घटनाओं को अंजाम देने और कराने का क्या अंजाम होता है। यह पूरे विश्व ने उरी की घटना के बाद देखा जब हमारी सेना ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की, पुलवामा के बाद देखा जब बालाकोट पर एयर स्ट्राइक की गई और अब पहलगाम की घटना के बाद दुनिया देख रही है, जब भारत ने पाकिस्तान के भीतर घुस कर मल्टीपल स्ट्राइक्स की हैं।

आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति

आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलते हुए हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि यह नया भारत है जो आतंकवाद के खिलाफ सरहद के इस पार और उस पार दोनों तरफ़ प्रभावी कारवाई करेगा। ये नया भारत है, सरहद के इस पार और उस पार दोनों तरफ प्रभावी कार्रवाई करेगा। आप सभी जानते हैं कि ब्रह्मोस दुनिया की सबसे तेज मिसाइल में से एक है। यह कोई मिसाइल नहीं बल्कि एक मैसेज है। मैसेज दुश्मन के प्रति हमारी प्रतिरोधक क्षमता का है।

ब्रह्मोस भारत और रूस का साइकोलॉजिकल संगम

ब्रह्मोस भारत और रूस के साइकोलॉजिकल संगम के लिए जाना जाएगा। यह ब्रह्मोस आने वाले समय में सीधे कामों के अवसर पैदा करेगा। जहां तक ब्रह्मोस का प्रश्न है, तो आप सभी यह जानते हैं कि ब्रह्मोस दुनिया के सबसे तेज, सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों में से एक है। ब्रह्मोस सिर्फ एक हथियार नहीं है, बल्कि यह अपने आप में एक संदेश है। संदेश हमारी आर्म्ड फोर्सेज की ताकत का है। संदेश दुश्मन के प्रति हमारी प्रतिरोध क्षमता का है, हमारी सीमा की सुरक्षा और हमारे कमिटमेंट का है।

उत्तर प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर का विजन

हमारी सरकार, जब उत्तर प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर के विजन को लेकर आगे बढ़ी थी, तो उस समय हमारे सामने अनेक बड़े लक्ष्य थे। उन तमाम लक्ष्यों में से हमारा एक उद्देश्य यह भी था कि हम उत्तर प्रदेश को एक बार फिर देश के प्रोडक्शन सेंटर के रूप में डेवलप करें। यूपी डिफेंस कॉरिडोर, लखनऊ सहित, कानपुर, झांसी, चित्रकूट, आगरा और अलीगढ़ से होकर गुजरता है। ये सभी आने वाले समय में विकास के नए केंद्र बनकर उभरेंगे। उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर में एयरक्राफ्ट मैनुफैक्चरिंग, यूएवी, ड्रोन, हथियार, छोटे हथियार, और पैराशूट आदि में बड़े निवेश किए गए हैं। उत्तर प्रदेश के इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट का श्रीगणेश हो चुका है आपको यह जानकारी खुशी होगी इस कॉरिडोर में 4000 करोड़ का इन्वेस्टमेंट किया जा चुका है यह भारत की नई तकनीक है जिसको पिछले कुछ सालों में गति देने का प्रयास किया गया है सिविल सेक्टर हो या डिफेंस सेक्टर हो ही सीमा का कोई भी ऐसा कार्य क्षेत्र नहीं है टेक्नोलॉजी क्रांति ने उदल-पुथल मचा रखी है

योगी जी का बहुत बड़ा योगदान

एक अच्छी बात यह है, कि इस डिफेंस सेक्टर में हमें पब्लिक सेक्टर और निजी सेक्टर दोनों की ही बड़ी अहम भागीदारी दिखाई दे रही है। इस मौके पर मैं उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी का विशेष आभार प्रकट करता हूं। यदि इतने कम समय में ब्रह्मोस की इंटीग्रेशन और टेस्टिंग फैसिलिटी (integration and testing facility) की स्थापना हो सकी, तो इसके पीछे योगी जी का बहुत बड़ा योगदान है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!