Nitin Nabin: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा है कि भारत तेजी से बदल रहा है और अब वह केवल श्रमिक शक्ति देने वाले देश के रूप में नहीं, बल्कि एक बड़े वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि देश में शिक्षा, तकनीक और उद्योग के क्षेत्र में हो रहे बदलाव आने वाले समय में भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि देश लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने माना कि अभी भी कई चुनौतियां और कमियां मौजूद हैं, लेकिन सरकार और समाज इनसे सीखते हुए आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं।
'रोजगार मांगने के बजाय रोजगार देने वाले बनें'
उनका कहना था कि हर अनुभव से सीख लेकर बेहतर भविष्य की दिशा में काम किया जा रहा है। शिक्षा व्यवस्था पर बात करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत की शिक्षा प्रणाली को केवल नौकरी खोजने वाले युवाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य ऐसे युवाओं को तैयार करना होना चाहिए जो रोजगार मांगने के बजाय रोजगार देने वाले बनें। उनके अनुसार शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधार युवाओं को उद्यमिता और नवाचार की ओर प्रेरित करेंगे। नितिन नबीन ने कहा कि देश इस समय एक महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है।
दुनिया की नजर में भारत की छवि पहले से काफी बदली- नितिन नवीन
बीजेपी अध्यक्ष ने आगे कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डिजिटल तकनीक के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि आज के युवा अपने जीवन के कई काम मोबाइल और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से कर रहे हैं। ऐसे में भारत को डिजिटल क्षेत्र में और मजबूत बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि दुनिया की नजर में भारत की छवि पहले से काफी बदली है। एक समय था जब विदेशी निवेश मुख्य रूप से भारत की बड़ी कार्यबल को देखते हुए आता था, लेकिन अब स्थिति बदल रही है। भारत उत्पादन और निर्माण के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया के लिए एक महत्वपूर्ण मैन्युफैक्चरिंग केंद्र बन रहा है।
उत्तराखंड की राजनीति पर बोलते हुए नितिन नबीन ने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा किसी दूसरे राज्य के मॉडल पर नहीं चलेगी। उनका मानना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami Model) के नेतृत्व में राज्य में हुए कार्य ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि 'धामी मॉडल' ही उत्तराखंड के लिए सबसे उपयुक्त है और इसी के आधार पर पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।
