SCO NSA Meet in Delhi: दिल्ली में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों (एनएसए) की बैठक शुरू हो गई है। भारत इसकी मेजबानी कर रहा है। एनएसए अजीत डोभाल एससीओ एनएसए-स्तरीय बैठक से पहले शुरुआती भाषण देंगे। चीन और पाकिस्तान के इस बैठक में वर्चुअली शिरकत करने की संभावना जताई जा रही है।
आठ सदस्य देश शामिल
शंघाई सहयोग संगठन 2001 में स्थापित एक अंतर-सरकारी संगठन है और इसमें आठ सदस्य देश शामिल हैं, भारत, चीन, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान। 2022 में भारत ने 2023 के लिए शंघाई सहयोग संगठन की अध्यक्षता ग्रहण की थी। रूसी संघ की सुरक्षा परिषद के सचिव निकोलाई पेत्रुशेव एससीओ सदस्य देशों की सुरक्षा परिषदों के सचिवों की वार्षिक बैठक में भाग लेंगे।
जून 2017 को एससीओ का पूर्ण सदस्य बना भारत
भारत 9 जून 2017 को एससीओ का पूर्ण सदस्य बन गया था। इसमें अफगानिस्तान, बेलारूस, ईरान और मंगोलिया जैसे चार पर्यवेक्षक देश हैं और छह संवाद सहयोगी अर्मेनिया, अजरबैजान, कंबोडिया, नेपाल, श्रीलंका और तुर्की हैं। एससीओ एक प्रमुख क्षेत्रीय महाशक्ति है जिसका गठन दो दशक पहले अपने सदस्य देशों के बीच आर्थिक, राजनीतिक और सैन्य सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था। एससीओ के आठ सदस्य देश दुनिया की कुल आबादी का लगभग 42 प्रतिशत और वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद का 25 प्रतिशत हिस्सेदारी करते हैं।
काशी में आयोजित बैठक में पाकिस्तान ने लिया था हिस्सा
इस महीने की शुरुआत में पाकिस्तान ने काशी में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) पर्यटन प्रशासन के प्रमुखों की बैठक में भी भाग लिया था। कजाकिस्तान के संस्कृति और खेल उप मंत्री येरजान येर्किनबायेव, चीन के संस्कृति और पर्यटन उप मंत्री लू यिंग चुआन, किर्गिस्तान के संस्कृति, सूचना, खेल और युवा नीति उप मंत्री समत बेक्तुरोविच शतमानोव और उज्बेकिस्तान के संस्कृति और पर्यटन के पहले उप मंत्री आजमोव उलुगबेक काशी में आयोजित एससीओ पर्यटन प्रशासन के प्रमुखों की बैठक में शामिल हुए थे।
रूस के आर्थिक विकास मंत्रालय के उप मंत्री व्लादिमीर एवगेनविच इलिचेव, ताजिकिस्तान की पर्यटन विकास समिति के अध्यक्ष मुमिनजोद कमोलिद्दीन और पाकिस्तान के पर्यटन और खेल पर प्रधानमंत्री के सलाहकार औन चौधरी ने वर्चुअली एससीओ बैठक में भाग लिया था। एससीओ शिखर सम्मेलन इस गर्मी में गोवा में होने वाला है, भारत इसके लिए कई कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। विशेष रूप से अगली महत्वपूर्ण एससीओ बैठक 27-29 अप्रैल को दिल्ली में रक्षा मंत्रियों की होगी।
