Dengue Vaccine : भारत में डेंगू की पहली मान्यता प्राप्त वैक्सीन 2027 की पहली छमाही में बाजार में आने की उम्मीद है। यह वैक्सीन जापानी फार्मा कंपनी टाकेडा फार्मास्यूटिकल्स की QDENGA है। डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज भारत में प्राइवेट हेल्थ सेक्टर के लिए QDENGA की मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन करेगी। इसे बच्चों और वयस्कों दोनों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
भारत में अगले साल आएगी डेंगू की पहली वैक्सीन।
CDSCO ने जुलाई 2026 में इसे मंजूरी दी
भारत में QDENGA को 4 से 60 वर्ष की उम्र के लोगों के लिए मंजूरी मिली है। CDSCO ने जुलाई 2026 में इसे मंजूरी दी थी। दो डोज वाली वैक्सीन QDENGA की दो खुराक दी जाती हैं। दोनों डोज के बीच तीन महीने का अंतर रखा जाता है। यह एक लाइव-एटेन्यूएटेड टेट्रावैलेंट वैक्सीन है, यानी इसे डेंगू वायरस के चारों सीरोटाइप के खिलाफ सुरक्षा देने के लिए तैयार किया गया है। QDENGA को फिलहाल प्राइवेट मार्केट के जरिए उपलब्ध कराने की योजना है। इसे भारत के यूनिवर्सल इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम (UIP) में शामिल करना आगे का लक्ष्य बताया गया है।
डॉ. रेड्डीज लैब्स के साथ काम करेगी टाकेडा
$28 बिलियन की कंपनी टाकेडा ने कहा कि वह भारत में डॉ. रेड्डीज लैब्स के व्यापक स्वास्थ्य सेवा नेटवर्क और व्यावसायिक पहुंच के साथ अपनी वैश्विक वैक्सीन अनुसंधान विशेषज्ञता साझा करेगी। QDENGA की संभावित कीमत के बारे में अभी जानकारी नहीं दी गई है। इसकी कीमत अलग-अलग देशों में काफी भिन्न है और यह संबंधित बाजार की भुगतान क्षमता पर निर्भर करती है। कुछ यूरोपीय देशों में QDENGA की दो खुराक की कीमत 200 डॉलर से अधिक है, जबकि इंडोनेशिया जैसे बाजारों में पूरे टीकाकरण कोर्स की कीमत करीब 80 डॉलर है।
भारत की शीर्ष दवा नियामक संस्था सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन (CDSCO) ने जुलाई 2026 में भारत में इस वैक्सीन के इस्तेमाल को मंजूरी दे दी थी। भारत में हर साल बड़ी संख्या में लोग डेंगू की चपेट में आते हैं। अब वैक्सीन आने से इस बीमारी पर रोकथाम लगाने में मदद मिलेगी।
