देश

भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा आगे: राजकोट में बोले PM मोदी

Vibrant Gujarat Regional Conference: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्रों के लिए आयोजित वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन (VGRC) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फोटो साभार: @BJP4India)

Photo : Twitter

Vibrant Gujarat Regional Conference: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्रों के लिए आयोजित वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन (VGRC) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी सहित कई व्यक्ति मौजूद रहे।

पीएम मोदी ने कहा कि 2026 के आरंभ के बाद, ये मेरा गुजरात का पहला दौरा है, और सुखद इसलिए भी है, क्योंकि 2026 की मेरी ये यात्रा सोमनाथ दादा के चरणों में सिर झुकाकर शुरू हुई है। अब मैं राजकोट में इस शानदार कार्यक्रम में हिस्सा ले रहा हूं, यानी विकास भी विरासत भी... ये मंत्र हर तरफ गूंज रहा है।

वाइब्रेंट गुजरात का अबतक कितने बार हुआ आयोजन?

उन्होंने कहा कि जब भी वाइब्रेंट गुजरात समिट का मंच सजता है तो मुझे एक समिट नहीं दिखती, मुझे 21वीं सदी के भारत की वो यात्रा नजर आती है, जो एक सपने से शुरू हुई और आज एक अटूट भरोसे तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि दो दशकों में वाइब्रेंट गुजरात की यात्रा एक बेंचमार्क बन गई है। अभी तक इसके 10 एडिशन हो चुके हैं और हर एडिशन के साथ इस समिट की पहचान और भूमिका दोनों मजबूत होती रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि बीते दो दशकों में वाइब्रेंट गुजरात समिट ने लगातार कुछ नया, कुछ विशेष किया है। वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन इसका एक उदाहरण बन गया है। इसका फोकस गुजरात के अलग-अलग हिस्सों के अनटैप्ड पोटेंशियल (Untapped Potential) को परफॉर्मेंस में बदलने का है।

भारत से दुनिया की बढ़ रहीं उम्मीदें

पीएम मोदी ने कहा कि भारत, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की तरफ तेज गति से आगे बढ़ रहा है, और जो आंकड़े आ रहे हैं, उससे ये साफ है कि भारत से दुनिया की उम्मीदें बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है। देश में इंफ्लेशन काबू में है। एग्रीकल्चर प्रोडक्शन में नए रिकॉर्ड बना रहा है। मिल्क प्रोडक्शन में नंबर वन है। जेनेरिक मेडिसिन प्रोडक्शन में नंबर वन है। दुनिया में जो सबसे ज्यादा वैक्सीन बनाता है, वो भारत है।

PM मोदी ने व्यापार प्रदर्शनी का किया उद्घाटन

पीएम मोदी ने 'वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलनसे पहले राजकोट के मारवाड़ी विश्वविद्यालय में एक व्यापार प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम में अमेरिका और यूरोप सहित 16 देशों के 110 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान 1,500 से अधिक सहमति पत्रों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

सम्मेलन में आयोजित 'विपरीत क्रेता-विक्रेता बैठक' (RBSM) के दौरान 1,800 से अधिक व्यावसायिक बैठकें निर्धारित की गई हैं। आमतौर पर विक्रेता अपनी दुकान या स्टॉल लगाकर बैठते हैं और ग्राहक उसके पास सामान देखने आते हैं। आरबीएसएम में खरीदार एक जगह बैठते हैं और विक्रेता उनके पास जाकर अपने उत्पाद दिखाते हैं।

उन्होंने बताया कि 26,000 वर्ग मीटर में फैली इस प्रदर्शनी में टॉरेंट पावर लिमिटेड, कोसोल, अदाणी ग्रीन, एस्सार ग्रुप, नायरा एनर्जी और ज्योति सीएनसी जैसी कंपनियां भाग ले रही हैं। अधिकारियों ने कहा कि व्यापार प्रदर्शनी में कृषि और खाद्य प्रसंस्करण, मत्स्य पालन, रक्षा, ऊर्जा, पेट्रोकेमिकल, इंजीनियरिंग, बंदरगाह तथा लॉजिस्टिक जैसे विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले 400 से अधिक प्रदर्शकों ने अपने स्टॉल लगाए हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article