India Pakistan Tension: भारत-पाकिस्तान के मध्य बढ़ते तनाव के बीच बॉर्डर से सटे राज्यों में सिक्योरिटी अलर्ट है। जम्मू-कश्मीर के सांबा में ब्लैकआउट के बीच भारतीय वायु रक्षा बलों द्वारा पाकिस्तानी ड्रोनों को रोकने के दौरान विस्फोटों की आवाज सुनी गई। पाकिस्तान की ओर से जारी संभावित गोलीबारी, ड्रोन और मिसाइल अटैक के चलते जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात के कुछ जिलों में पूर्ण ब्लैकआउट कर दिया गया है। शुक्रवार की देर शाम जम्मू के कुपवाड़ा में तोपों से गोलाबारी शुरू हो गई है। पाकिस्तानी सेना ने नागरिक इलाकों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है, सेना जवाब दे रही है- और भी खबरें आ रही हैं। लिहाजा, कई इलाकों में बिजली बंद कर कंपलीट ब्लैकआउट कर दिया गया है। लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है।
जम्मू में ब्लैकआउट
भारत-पाकिस्तान सीमा और एलओसी पर सुरक्षा हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कई शहरों में शुक्रवार रात तेज धमाके हुए। इसे देखते हुए शहरों में ब्लैकआउट कर दिया गया और युद्ध के सायरन बजा दिए गए। लोगों से अपील की गई कि वे बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। बताया जा रहा है कि जम्मू, नौशेरा, सांबा, उरी समेत राजस्थान के पोखरण और पंजाब के पठानकोट में पाकिस्तान की ओर से ड्रोन हमले हुए हैं, जिन्हें भारतीय सेना ने नष्ट कर दिया है। जानकारी के अनुसार, जम्मू एयरपोर्ट पर 12 मिनट तक ड्रोन हमले किए गए, लेकिन सुरक्षा बलों ने उसे नाकाम कर दिया।
जम्मू में धमाकों की आवाज आने और सायरन बजने के बाद शहर में शुक्रवार को ‘ब्लैकआउट’ किया गया। ये विस्फोट ऐसे समय में हुए हैं, जब भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत इस सप्ताह के शुरू में पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया था, जिसके बाद पाकिस्तान की ओर से लगातार गोलाबारी हो रही है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “जहां मैं हूं, वहां से रुक-रुक कर विस्फोटों की आवाजें, शायद भारी तोपों की, सुनी जा सकती हैं। उन्होंने अंधेरे में डूबे शहर की एक तस्वीर भी पोस्ट की और कैप्शन में लिखा, “जम्मू में अब ब्लैकआउट है। पूरे शहर में सायरन की आवाज सुनी जा सकती है।
रक्षा सूत्रों के मुताबिक, जम्मू, सांबा, आर एस पुरा, पठानकोट सेक्टर में पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए। लिहाजा, जम्मू में पूर्ण ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है तथा सायरन की आवाजें सुनी जा सकती हैं। अखनूर में सायरन की आवाजें सुनी जाने के बाद पूर्ण ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है। एहतियात के तौर पर हरियाणा के अंबाला, पंचकुला और पंजाब के फिरोजपुर में पूर्ण ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है। उधर, गुजरात के कच्छ में भी ब्लैकआउट किया गया है।
राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में 'ब्लैकआउट' लागू कर दिया गया, जिससे पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया। फिलहाल, जैसलमेर में भीषण धमाकों की आवाज आई। जालंधर में भी ब्लैक आउट कर दिया गया है। लोग अपने वाहनों पर घर की तरफ निकले। प्रशासन ने पहले ही निर्देश जारी कर दिए थे।
उल्लेखनीय है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार तड़के पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में मिसाइल हमले किए। इसके बाद भारत व पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है।
सीएम उमर अब्दुल्ला ने की ये अपील
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा की जम्मू मऔर उसके आस-पास के सभी लोगों से मेरी अपील है कि कृपया सड़कों पर न निकलें, घर पर रहें या किसी ऐसे नज़दीकी स्थान पर रहें जहाँ आप अगले कुछ घंटों तक आराम से रह सकें। अफ़वाहों पर ध्यान न दें, बेबुनियाद या असत्यापित कहानियाँ न फैलाएँ और हम सब मिलकर इससे निपट लेंगे।
