LPG Shortage in India: अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद वार्ता विफल होने के बाद होर्मुज स्ट्रेट पर संकट गहराता जा रहा है। इस बीच, भारत के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। भारतीय ध्वज वाला जग विक्रम (Jag Vikram) जहाज 20,400 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर कांडला पहुंचने वाला है।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि जग विक्रम जहाज के 14 अप्रैल को गुजरात के कांडला पहुंचने की संभावना है। एक अंतर मंत्रालयी प्रेस ब्रीफिंग में सोमवार को अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल (Mukesh Mangal) ने बताया कि 24 नाविकों के साथ जग विक्रम जहाज ने 11 अप्रैल को होर्मुज स्ट्रेट को पार किया था।
इसे भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच 14 दिनों के युद्धविराम की घोषणा के बाद इस रणनीतिक समुद्री मार्ग से गुजरने वाला यह पहला भारतीय जहाज है। इस युद्धविराम का उद्देश्य क्षेत्रीय तनाव कम करना और समुद्री व्यापार को फिर से सुचारू ढंग से संचालित किया जा सके।
अबतक कितने नाविकों की हुई वापसी?
मुकेश मंगल ने बताया कि एलपीजी से भरा जग विक्रम जहाज 11 अप्रैल को होर्मुज पार कर चुका है और 14 अप्रैल को उसके कांडला पहुंचने की उम्मीद है। जहाज पर 24 नाविक सवार हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में किसी भी भारतीय जहाज के साथ कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। साथ ही मंत्रालय अब तक 2,177 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कर चुका है।
मंत्रालय ने कहा कि वह नाविकों की सुरक्षा और समुद्री संचालन को निर्बाध बनाए रखने के लिए विदेश मंत्रालय, भारतीय मिशनों और अन्य समुद्री साझेदारों के साथ लगातार समन्वय कर रहा है। इसके अलावा, सभी भारतीय बंदरगाहों पर संचालन सामान्य रूप से जारी है और कहीं भी जाम की कोई सूचना नहीं है।
