जम्मू कश्मीर के पुंछ में बड़ा हादसा हुआ है। यहां जिले की मेंढर सब डिविजन के बलनोई क्षेत्र में भारतीय सेना का वाहन गहरी खाई में गिर गया है। वैन में 18 जवान सवार होने की सूचना है, जिनमें से 5 जवान शहीद हो गए और 9 बुरी तरह घायल हैं। हादसा पूंछ जिले के लाइन ऑफ कंट्रोल (LOC) के पास की है। जवान लाइन ऑफ कंट्रोल (LOC) की ओर जा रहे थे। आर्मी ने जवानों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सभी जवान 11 मराठा रेजिमेंट के हैं।
यह दुर्घटना घरोआ इलाके में उस समय हुई, जब सेना का एक वाहन जिले के बनोई जा रहा था। उन्होंने बताया कि बचाव दल ने पांच शव बरामद कर लिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि वाहन करीब 300-350 फुट गहरी खाई में गिर गया। सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एम वी सुचिन्द्र कुमार और ध्रुव कमान के अधिकारियों ने पांच बहादुर सैन्यकर्मियों की दुखद मृत्यु पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।
उत्तरी कमान ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘ध्रुव कमान इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। ‘व्हाइट नाइट कोर’ ने भी पुंछ सेक्टर में वाहन दुर्घटना में पांच बहादुर सैनिकों की मृत्यु पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। ‘व्हाइट नाइट कोर’ ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘बचाव अभियान जारी है, तथा घायल कर्मियों का इलाज किया जा रहा है।
राहुल गांधी ने जताया शोक
सैनिकों की शहादत पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दुख जताया। राहुल गांधी ने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आर्मी वैन के एक्सीडेंट होने से कई जवानों के शहादत की खबर बेहद दुखद है। शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।"
जम्मू जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) आनंद जैन ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि आज पुंछ के घोरा पोस्ट के पास सेना वाहन से जुड़ी दुखद दुर्घटना से हम बहुत दुखी हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी संवेदनाएं। हम सभी दुख की इस घड़ी में परिवारों के साथ हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं घायल जवानों और उनके परिवारों के साथ हैं।
