देश

'पाकिस्तान के हमले का भारत ने दिया करारा जवाब', विदेश मंत्रालय ने कहा- पाकिस्तान खुद है इसके लिए जिम्मेदार

Operation Sindoor: विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि पहलगाम पर हमला असली उकसावे की शुरुआत थी। वहीं से हालात बिगड़ने शुरू हुए। हमने कल उस उकसावे का जवाब दिया।

Image

वैश्विक आतंकवाद के केंद्र के रूप में पाकिस्तान की पहचान दुनिया भर में हुए विभिन्न आतंकवादी हमलों में निहित है: विदेश सचिव विक्रम मिसरी

Operation Sindoor: पाकिस्तान में भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान बौखला उठा है और भारत-पाक के बीच तनाव बढ़ गया है। इसी को लेकर आज विदेश मंत्रालय ने प्रेस कांफ्रेंस की जिसमें पाकिस्तान के इरादे के बारे में बताया। प्रेस कांफ्रेंस में विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि पहलगाम पर हमला असली उकसावे की शुरुआत थी। वहीं से हालात बिगड़ने शुरू हुए। हमने कल उस उकसावे का जवाब दिया। टीआरएफ (TRF) लश्कर-ए-तैयबा का ही एक अज्ञात फ्रंट है। पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में टीआरएफ का कोई जिक्र नहीं होने दिया। पाकिस्तान की ओर से बहुत सी भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। हमारा इरादा मामले को बढ़ाने का नहीं रहा है। हम केवल मूल उकसावे का जवाब दे रहे हैं।

राजकीय सम्मान के साथ पाकिस्तान कर रहा लोगों का अंतिम संस्कार- MEA

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि यह भी अजीब है कि नागरिकों के अंतिम संस्कार उनके राष्ट्रीय ध्वज में लिपटे ताबूतों में किए जा रहे हैं, और राजकीय सम्मान दिया जा रहा है। मिस्री ने कहा कि कल पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के सिख समुदाय पर लक्षित हमला किया था। पुंछ में एक गुरुद्वारे पर हमला किया और सिख समुदाय के सदस्यों को निशाना बनाया, जो हमले की चपेट में आ गए और हमलों में तीन व्यक्ति मारे गए। पुंछ में कुल 16 नागरिक मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं।

अब पाकिस्तान इससे पल्ला झाड़ने की कोशिश कर रहा है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री को उनके 'पाकिस्तान में कोई आतंकवादी नहीं' वाले बयान पर चुनौती दी गई। ऐसे कई उदाहरण सामने आए हैं जहां आतंकवाद में पाकिस्तान की संलिप्तता पाई गई है। हमने देखा है कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री और पूर्व विदेश मंत्री दोनों ने आतंकवादियों को शरण देने की बात स्वीकार की है।

खबर अपडेट की जा रही है...

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishra author

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है... और देखें

End of Article