देश

कतर के पूर्व अमीर शेख हमद के निधन पर भारत में 13 जुलाई को राष्ट्रीय शोक, आधा झुका रहेगा तिरंगा, पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख

Sheikh Hamad Passed Away: कतर के पूर्व अमीर और 'फादर अमीर' शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनके सम्मान में भारत सरकार ने सोमवार, 13 जुलाई 2026 को एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान देश भर की सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई भी आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा।

Image

कतर के पूर्व अमीर शेख हमद का निधन (फोटो:एआई इमेज)

Sheikh Hamad Passed Away: भारत और कतर के बीच के गहरे और मजबूत रिश्तों की झलक एक बार फिर देखने को मिली है। कतर के पूर्व अमीर और वहां 'फादर अमीर' के नाम से बेहद लोकप्रिय रहे शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी का आज 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए भारत सरकार ने कल यानी सोमवार, 13 जुलाई 2026 को पूरे देश में एक दिवसीय राष्ट्रीय शोक (National Mourning) घोषित किया है।

विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कतर के दिवंगत नेता के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए 13 जुलाई को पूरे भारत में उन सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, जहां इसे नियमित रूप से फहराया जाता है। इसके साथ ही, राष्ट्रीय शोक के इस दिन सरकार की तरफ से किसी भी तरह के आधिकारिक मनोरंजन या जश्न के कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किया जाएगा।

भारत की ओर से संवेदना व्यक्त करने के लिए संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रीजिजू (Kiren Rijiju Qatar visit condolence) जल्द ही कतर का दौरा कर सकते हैं। वह वहां भारत सरकार और देश की जनता की तरफ से कतर प्रशासन को शोक संदेश सौंपेंगे।

वो एक सच्चे दोस्त थे-पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी को याद करते हुए एक भावुक संदेश लिखा। पीएम मोदी ने उन्हें एक बेहद दूरदर्शी नेता बताया, जिन्होंने कतर को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। प्रधानमंत्री ने कतर के साथ उनके जुड़ाव को याद करते हुए कहा, "हम उन्हें एक सच्चे दोस्त के रूप में भी याद करते हैं, जिनसे मुझे फरवरी 2024 में कतर (India Qatar relations bilateral ties) की अपनी आखिरी यात्रा के दौरान मिलने का सौभाग्य मिला था।"

शेख हमद ने अपने कार्यकाल के दौरान कतर को आधुनिक बनाने और भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को एक नया आयाम देने में बड़ी भूमिका निभाई थी। उनके जाने से न सिर्फ कतर ने अपना एक महान मार्गदर्शक खो दिया है, बल्कि भारत ने भी खाड़ी देशों में अपना एक बेहद भरोसेमंद मित्र खो दिया है।

monu jha
मोनू झा author

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें

End of Article