Cooch Behar Border Tension: पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के मेखलीगंज अनुमंडल में भारत-बांग्लादेश सीमा पर एक बार फिर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। शनिवार दोपहर सनियाजन नदी में कथित तौर पर रेत और पत्थरों की अवैध तस्करी का मामला सामने आया। नियमित गश्त के दौरान सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने भारतीय क्षेत्र में हो रही अवैध तस्करी को देखा।
कूचबिहार में भारत-बांग्लादेश सीमा पर तनाव
इसके बाद, बीएसएफ जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और अवैध तस्करी में शामिल लोगों को वहां से हटने के लिए कहा। बताया जा रहा है कि मौके पर हालात और बिगड़ गए और वहां पर बांग्लादेशी उपद्रवी एकत्रित हुए। इसके बाद उपद्रवियों ने बीएसएफ जवानों पर हमला कर दिया।
BSF जवानों पर लाठी-पत्थरों से हमला
बांग्लादेशी उपद्रवियों ने बीएसएफ जवानों पर लाठियों और पत्थरों से हमला किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। जब स्थिति बिगड़ने लगी तो बीएसएफ जवानों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जवानों ने अपनी सुरक्षा के लिए ग्रेनेड का इस्तेमाल किया, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
