देश

भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच इस साल शुरू होगी पहली संयुक्त स्टाफ वार्ता; रक्षा सहयोग को मिली नई मजबूती

राजधानी दिल्ली में आज ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस और भारत के राजनाथ सिंह ने रक्षा मंत्री स्तरीय संवाद किया। इस दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया ने नए क्षेत्रों में सैन्य सहयोग के विस्तार पर संतोष व्यक्त किया।

Image

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष रिचर्ड मार्ल्स (फोटो/X@rajnathsingh)

भारत और ऑस्ट्रेलिया ने रक्षा सहयोग को और गहरा करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए इस वर्ष पहली संयुक्त स्टाफ वार्ता (Joint Staff Talks) शुरू करने पर सहमति जताई है। ये सहमति ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस और भारत के राजनाथ सिंह के बीच नई दिल्ली में आयोजित दूसरे रक्षा मंत्रिस्तरीय संवाद के दौरान बनी। इस दौरान दोनों देशों ने सैन्य सहयोग के विस्तार और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

वार्ता के बाद जारी संयुक्त बयान में इस बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बयान के मुताबिक, भारत और ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्रियों ने सैन्य मुख्यालयों के बीच बढ़ती सूचना साझेदारी का स्वागत किया और इस वर्ष संयुक्त स्टाफ वार्ता के उद्घाटन को लेकर उत्साह व्यक्त किया। साथ ही रणनीतिक, परिचालन और सामरिक स्तर पर सुरक्षित द्विपक्षीय संचार व्यवस्था विकसित करने के प्रयासों को आगे बढ़ाने पर भी सहमति बनी।

इस दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया ने अमेरिका, जापान और भारत के साथ मिलकर बने क्वाड के तहत सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया। दोनों देशों ने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में समुद्री निगरानी और समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए क्वाड की पहल का समर्थन किया।

संयुक्त बयान में कहा गया कि भारत ने गुरुग्राम स्थित Information Fusion Centre - Indian Ocean Region के माध्यम से हिंद महासागर क्षेत्र में क्वाड की समुद्री जागरूकता पहल को सक्रिय रूप से लागू करना शुरू कर दिया है। दोनों देशों ने पूरे इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए एक साझा रोडमैप विकसित करने की दिशा में मिलकर काम करने पर सहमति जताई है।

इस दौरान दोनों देशों ने 2027 में ऑस्ट्रेलिया में होने वाली एक्सरसाइज टैलिस्मान सेबर में भारत की बढ़ी हुई भागीदारी की उम्मीद जताई। साथ ही ऑस्ट्रेलिया की एक्सरसाइज मिलान 2026 और भारत की एक्सरसाइज ककाडू 2026 में भागीदारी का भी स्वागत किया गया। इस बैठक से पहले ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। भारत यात्रा के दौरान उन्होंने नेशनल वॉर मेमोरियल जाकर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा साझेदारी आने वाले वर्षों में और मजबूत होगी, जबकि रिचर्ड मार्ल्स ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक विश्वास को व्यावहारिक रक्षा सहयोग में बदलने पर जोर दिया।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article