देश

भारत-कनाडा तैयार कर रहे रिश्तों की नई जमीन, कई समझौतों पर बनी सहमति, पीएम मोदी ने 'दोस्त' कार्नी को दिया श्रेय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, हमारे सहयोग में हो रही इस प्रगति का श्रेय मैं अपने मित्र प्रधानमंत्री कार्नी को देता हूं। भारत और कनाडा लोकतांत्रिक मूल्यों में अटूट विश्वास रखते हैं। हम विविधता का सम्मान करते हैं। मानवता का कल्याण हमारा साझा लक्ष्य है।

Image

पीएम मोदी - मार्क कार्नी मुलाकात

Photo : ANI

Modi-Carney Meeting: कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के भारत दौरे पर संबंधों की एक नई इबारत लिखी जा रही है। दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों समझौते हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्नी से मुलाकात के बाद इन समझौतों और भारत-कनाडा संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने की बात कही। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और कनाडा ने नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। भारत और कनाडा ने महत्वपूर्ण खनिज क्षेत्र में सहयोग के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए।

भारत और कनाडा का लोकतांत्रिक मूल्यों में अटूट विश्वास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, हमारे सहयोग में हो रही इस प्रगति का श्रेय मैं अपने मित्र प्रधानमंत्री कार्नी को देता हूं। भारत और कनाडा लोकतांत्रिक मूल्यों में अटूट विश्वास रखते हैं। हम विविधता का सम्मान करते हैं। मानवता का कल्याण हमारा साझा लक्ष्य है। यही लक्ष्य हमें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। आज हमने इस लक्ष्य को अगले स्तर की साझेदारी में बदलने पर चर्चा की। हमारा लक्ष्य 2030 तक 50 अरब डॉलर का व्यापार हासिल करना है।

पीएम मोदी ने कहा, आर्थिक सहयोग की पूरी क्षमता का दोहन करना हमारी प्राथमिकता है। इसलिए, हमने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को जल्द ही अंतिम रूप देने का निर्णय लिया है। इससे दोनों देशों में नए निवेश और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। कनाडा के पेंशन फंडों ने भारत में 100 अरब डॉलर का निवेश किया है। यह भारत की विकास गाथा में उनके गहरे विश्वास का प्रतीक है। आज हम दोनों देशों के व्यापारिक नेताओं से भी मिलेंगे। उनके सुझाव हमारी आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करेंगे।

इंडिया कनाडा डिफेंस डायलॉग शुरू करेंगे

पीएम मोदी ने कहा कि इंडिया कनाडा डिफेंस डायलॉग शुरू करेंगे। हम सहमत हैं कि आतंकवाद, अतिवाद और कट्टरपंथ दोनों देशों के लिए ही नहीं, पूरी मानवता के लिए साझा और गंभीर चुनौतियां हैं। इनके विरुद्ध हमारा करीबी सहयोग वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत विश्व और शांति का पक्षधर है। साथ ही उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति हमारे लिए गहरी चिंता का विषय है। भारत संवाद और कूटनीति के माध्यम से सभी विवादों के समाधान का समर्थन करता है। इस क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए हम सभी देशों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article