देश

INDIA ब्लॉक के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार, सुदर्शन रेड्डी ने दाखिल किया नामांकन, सोनिया, पवार, राहुल सहित यह नेता रहे मौजूद

इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के समय विपक्ष के कई नेता मौजूद रहे।

Image

इंडिया गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार, सुदर्शन रेड्डी (फोटो: Video Grab)

Vice-President Election: इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार,सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी ने कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की उपस्थिति में अपना नामांकन दाखिल किया।

राकांपा-एससीपी प्रमुख शरद पवार, सपा सांसद राम गोपाल यादव, द्रमुक सांसद तिरुचि शिवा, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत और गठबंधन के कई अन्य नेता भी नामांकन के समय मौजूद रहे।

इससे पहले 20 अगस्त को विपक्षी दलों के नेताओं ने संविधान सदन (पुरानी संसद) के केंद्रीय कक्ष में उपराष्ट्रपति पद के अपने संयुक्त उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी का अभिनंदन किया।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश रेड्डी का परिचय देते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने एक ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाने का फैसला किया जो संवैधानिक सिद्धांतों के प्रति समर्पित हो और न्यायमूर्ति रेड्डी ऐसे ही एक व्यक्ति हैं।

न्यायमूर्ति रेड्डी को एक प्रमुख न्यायविद बताते हुए खरगे ने कहा कि वह न्याय के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता के लिए प्रसिद्ध हैं और सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक समानता के निर्भीक समर्थक रहे हैं, तथा उन्होंने ऐसे ऐतिहासिक फैसले दिए हैं, जिनसे भारत के लोकतंत्र का ताना-बाना मजबूत हुआ है।राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि ऐसे समय में जब हमारी लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता अभूतपूर्व चुनौतियों का सामना कर रही है, उनका नामांकन राज्यसभा के कामकाज में निष्पक्षता और गरिमा को बहाल करने के लिए एक दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

खरगे ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-नीत सरकार ने विपक्ष के साथ भेदभाव किया है।

'बी सुदर्शन रेड्डी न्याय, समानता और समावेशिता के शाश्वत मूल्यों के प्रतीक'

कांग्रेस प्रमुख ने कहा, 'उपराष्ट्रपति पद का यह चुनाव केवल एक पद के लिए चुनाव नहीं है, यह हमारे राष्ट्र की आत्मा के लिए एक वैचारिक युद्ध है। हालांकि सत्तारूढ़ दल ने आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) की विचारधारा को चुना है, लेकिन हम संविधान और उसके मूल्यों को अपना मार्गदर्शक मानते हैं।' उन्होंने कहा, '(न्यायमूर्ति) बी सुदर्शन रेड्डी न्याय, समानता और समावेशिता के शाश्वत मूल्यों के प्रतीक हैं, जिन्होंने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को गति दी और हमारे संविधान का आधार बने।'

'संविधान पर हमला करने वालों और इसका संरक्षण करने वालों के बीच लड़ाई चल रही है'

रेड्डी का स्वागत करते हुए कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि संविधान पर हमला करने वालों और इसका संरक्षण करने वालों के बीच लड़ाई चल रही है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, 'न्यायमूर्ति सुदर्शन रेड्डी के पास दशकों का न्यायिक और कानूनी अनुभव है। संवैधानिक मूल्यों के समर्थक होने के नाते, वह सभी दलों में लोकप्रिय हैं। उल्लेखनीय है कि उन्होंने तेलंगाना जातिगत गणना पर काम किया और राज्य में सामाजिक न्याय के लिए एक दृष्टिकोण तैयार करने में मदद की।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article