Independence Day News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) से पहले रविवार (13 अगस्त) को अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स की प्रोफाइल पिक्चर बदल ली है। साथ ही उन्होंने देशवासियों से भी ऐसा करने की अपील की है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लोगों से कहा कि देश के साथ अपने रिश्ते को और गहरा करने की दिशा में सहयोग करें और ये कदम उठाएं।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लोगों से की अपील
अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स फेसबुक और ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) से पहले की डीपी बदल दी। उन्होंने अपने प्रोफाइल पिक्टर में तिरंगे झंडे की तस्वीर लगाई है। पीएम मोदी ने ट्विटर पर अपने पोस्ट में लिखा कि 'हर घर तिरंगा आंदोलन की भावना में, चलें अपने सोशल मीडिया अकाउंट की डीपी बदलते हैं और देश के साथ अपने रिश्ते को और मजबूत और गहरा करने की दिशा में अपना सहयोग देते हैं.'
पीएम मोदी ने शुरू किया था 'हर घर तिरंगा' अभियान
आजादी के 75 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल 22 जुलाई को 'हर घर तिरंगा' अभियान की शुरुआत की थी। 'आजादी का अमृत महोत्सव' के अवसर प्रधानमंत्री ने अभियान शुरू किया था। बीते 11 अगस्त, 2023 (शुक्रवार) पीएम मोदी ने इस साल 13 से 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' आंदोलन में हिस्सा लेने की देशवासियों से अपील की।
वेबसाइट पर अपनी तस्वीरें अपलोड करने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा था कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने आजादी के अमृत महोत्सव में एक नई ऊर्जा भरी है। देशवासियों को इस साल इस अभियान को एक नई ऊंचाई पर ले जाना है। आइए, 13 से 15 अगस्त के बीच देश की आन-बान और शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज को फहराएं। तिरंगे के साथ https://harghartiranga.com पर अपनी सेल्फी भी जरूर अपलोड करें।
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में इस बार क्या होगा खास?
15 अगस्त को इस साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले पर आयोजित कार्यक्रम में 1700 खास मेहमान हिस्सा लेंगे. एक आधिकारिक विज्ञप्ति में जानकारी साझा की गई है कि प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने के लिए 1,700 खास मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। इनमें पीएम किसान सम्मान निधि योजना, जल जीवन मिशन, अमृत सरोवर योजना और सेंट्रल विस्टा परियोजना जैसे कई प्रमुख कार्यक्रमों से जुड़े लोग शामिल हैं।
