Ind Vs Pak Asia Cup 2025: पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्ते अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच चुके हैं। वहीं, दूसरी ओर एशिया कप के फाइनल मुकाबले में भारत बनाम पाकिस्तान के मुकाबले की उम्मीद है। बता दें कि एशिया कप 2025 में अब तक दोनों टीमों दो बार भिड़ चुकी हैं। दोनों बार टीम इंडिया ने पाकिस्तान टीम के साथ हाथ नहीं मिलाया। वहीं, दूसरी ओर मैच के बीच दोनों टीमों के प्लेयर्स के बीच जबरदस्त जुबानी जंग भी छिड़ गई थी।
टीम इंडिया का नो हैंडशेक जेस्चर के मुद्दे पर राजनीतिक बहस भी छिड़ चुकी है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर (Shashi Tharoor) ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए शशि थरूर ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ भावनाएं समझ में आती हैं, लेकिन खेल की भावना को राजनीति और सैन्य संघर्ष से अलग रखना चाहिए।
हमें खेल की भावना के तहत खेलना चाहिए: शशि थरूर
उन्होंने आगे कहा," व्यक्तिगत रूप से मेरा मानना है कि अगर हमें पाकिस्तान के खिलाफ इतना गुस्सा है, तो हमें खेलना ही नहीं चाहिए था, लेकिन अगर हम खेल रहे हैं, तो खेल की भावना के तहत खेलना चाहिए और उनसे हाथ मिलाने चाहिए थे। हमने यह पहले 1999 में भी किया था, जब करगिल युद्ध चल रहा था। उसी दिन जब हमारे सैनिक देश के लिए जान गंवा रहे थे, हम इंग्लैंड में वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेल रहे थे। तब भी हमने उनसे हाथ मिलाया था क्योंकि खेल की भावना अलग होती है और इसका देशों या सेनाओं के बीच चल रहे संघर्ष से कोई संबंध नहीं होता। यह मेरी राय है।'
दोनों टीमों में खेल भावना की कमी: कांग्रेस सांसद
शशि थरूर ने दोनों टीमों के बर्ताव पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तानी टीम ने पहले अपमानित होने के बाद दूसरी बार हमें अपमानित किया, तो यह दर्शाता है कि दोनों पक्षों में खेल भावना की कमी है।'
मैच में हैरिस राउफ ने की बदतमीजी
बता दें कि पिछले रविवार को हुए भारत-पाकिस्तान मुकाबले में पाकिस्तान के प्लेयर्स ने बदतमीजी की सारी हदें पार कर दी थी। दूसरी पारी में जब अभिषेक शर्मा ने हारिस रऊफ की एक गेंद पर शानदार बाउंड्री जड़ दी थी तो पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हैरिस रउफ भड़क गए और अभिषेक को स्लेज करने पर उतर आए। अभिषेक ने भी करारा जवाब दिया। स्थिति को संभालने के लिए अंपायर को बीच में आना पड़ा।
