देश

ओडिशा: CCTV फुटेज में एक महिला बोतल में पेट्रोल खरीदते दिखी, क्या वही थी आत्मदाह करने वाली छात्रा थी? पुलिस कर रही जांच

एक प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए छात्रा ने 12 जुलाई को फकीर मोहन स्वायत्त महाविद्यालय परिसर में खुद को आग लगा ली।

Image

ओडिशा के बालासोर में कॉले छात्रा आत्महत्या मामले में जांच (Photo: PTI)

Odisha Student Suicide Case: ओडिशा पुलिस ने शनिवार को एक पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज में एक महिला को बोतल में पेट्रोल खरीदते देखा, जिसकी उम्र लगभग बालासोर कॉलेज परिसर में खुद को आग लगाने वाली छात्रा जितनी ही थी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। क्राइम ब्रांच इलाके के पेट्रोल पंपों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि उसे पेट्रोल कहां से मिला।

छात्रा ने कॉलेज कैंपस में खुद को लगाई थी आग

एक प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए छात्रा ने 12 जुलाई को फकीर मोहन स्वायत्त महाविद्यालय परिसर में खुद को आग लगा ली। 14 जुलाई की रात को एम्स-भुवनेश्वर में उसकी मौत हो गई। इस बीच, जिले के पेट्रोल पंपों ने बोतलों में पेट्रोल देना बंद कर दिया है।

दूसरी ओर, यूजीसी की तथ्य-खोजी टीम भी इस घटना की जांच कर रही है और पिछले दो दिनों से विभिन्न लोगों से मिल रही है। टीम का नेतृत्व कर रहे राजकुमार मित्तल ने कहा कि टीम जल्द ही अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। यूजीसी टीम ने कॉलेज के प्रिंसिपल और आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) के सदस्यों से पूछताछ की है, जिन्होंने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि मृतक छात्रा द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के कोई सबूत नहीं मिले हैं।

उच्च शिक्षा विभाग की एक तथ्यान्वेषी टीम भी इस घटना की अलग से जांच कर रही है। विपक्षी दल बीजद की महिला शाखा ने भुवनेश्वर स्थित राज्य महिला आयोग के कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार महिला आयोग में रिक्त पदों को तुरंत नहीं भरती है, तो आयोग के सदस्य कार्यालय में तालाबंदी कर देंगे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article