उत्तर भारत को फिलहाल कड़ाके की ठंड से राहत मिलती नहीं दिख रही है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, यूपी और बिहार में भयंकर शीत लहर का प्रकोप जारी है। जम्मू-कश्मीर भी ठंड के कारण जन जीवन अस्त व्यस्त हो रखा है। आज का मौसम भी ऐसा ही रहने की उम्मीद है।
दिल्ली में जबरदस्त शीतलहर
दिल्ली में तापमान 4 डिग्री कम
दिल्ली में बुधवार को भी शीत लहर का प्रकोप जारी रहा और अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में सुबह मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहा, जबकि दिन के दौरान आसमान मुख्यतः साफ रहा। दिल्ली में सुबह 9.05 बजे न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो साल के इस समय के लिए सामान्य है।
कश्मीर में घना कोहरा
जम्मू में बुधवार को घने कोहरे के चलते ठंड ने घाटी पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने 26 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर में आमतौर पर शुष्क मौसम का पूर्वानुमान लगाया है। बुधवार को श्रीनगर और गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि पहलगाम में शून्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख क्षेत्र में, लेह शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 15.2 डिग्री सेल्सियस नीचे और कारगिल में शून्य से 13.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड की 40 दिनों की लंबी अवधि जिसे 'चिल्लई कलां' के नाम से जाना जाता है, 21 दिसंबर को शुरू हुई और 30 जनवरी को समाप्त होगी।
राजस्थान में बारिश
राजस्थान में जारी शीतलहर के बीच कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई। मौसम केंद्र के प्रवक्ता के अनुसार राज्य में कुछ स्थानों पर घना कोहरा और शीत दिवस दर्ज किया गया है। बीते चौबीस घंटे में धौलपुर में एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हुई। इस दौरान सीकर में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फलौदी में 4.6 डिग्री, बीकानेर और जैसलमेर में पांच-पांच डिग्री, सिरोही में 5.3 डिग्री, अजमेर, पिलानी, करौली और फतेहपुर में 6.2 डिग्री और एरनपुरा रोड में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तराखंड में बारिश का अनुमान
उत्तराखंड में मौसम करवट बदल सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी की पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले 24 घंटे के दौरान पर्वतीय जनपदों में मौसम बदलता हुआ दिखाई देगा। इस दौरान कई जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की भी संभावना है। मैदानी जिलों में मौसम साफ रहेगा। सुबह और रात के वक्त हल्का कोहरा छाए रहने की उम्मीद है। वहीं, गढ़वाल के चमोली और कुमाऊं के बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।
