TMC Crisis: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को पार्टी का साथ छोड़ने वाले नेताओं को अनोखी चुनौती दे डाली है। उन्होंने कहा कि अगर ममता बनर्जी उन्हें (पार्टी छोड़ने वाले नेता) दोबारा पार्टी में वापस ले लें, तो वह एक घंटे के भीतर टीएमसी से इस्तीफा दे देंगे।
टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी (फाइल फोटो)
अभिषेक बनर्जी का यह बयान ऐसे समय पर आया जब कई नेताओं ने एक-एक कर ममता दीदी का साथ छोड़ दिया और उन्होंने आरोप लगाते हुए अभिषेक बनर्जी को इसके लिए जिम्मेदार बताया।
क्या कुछ बोले अभिषेक बनर्जी?
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अभिषेक बनर्जी ने कहा, ''जो नेता आज उन्हें निशाना बना रहे हैं, अगर उन्हें ममता बनर्जी (दीदी) दोबारा पार्टी में वापस ले लें, तो वह एक घंटे के भीतर टीएमसी से इस्तीफा दे देंगे।''
अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी छोड़ने वाले नेताओं की भाजपा के साथ डील होती है। बकौल अभिषेक, पहले नेता टीएमसी का साथ छोड़ते हैं या भाजपा में शामिल हो जाते हैं, फिर उन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों से सुरक्षा मिलती है और उसके बाद वह उन पर आरोप लगाया शुरू कर देते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'राहुल की छुट्टियों पर सवाल क्यों, PM से क्यों नहीं पूछते...', जयराम रमेश ने सरकार की नीयत पर उठाए सवाल; देखें इंटरव्यू
अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पर चला बुलडोजर
इससे पहले, अभिषेक बनर्जी के अमतला स्थित पार्टी कार्यालय को ढहा दिया। जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह इमारत कथित रूप से स्वीकृत भवन योजना के बिना और लागू निर्माण नियमों का उल्लंघन कर बनाई गई थी। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शनिवार सुबह शुरू हुई। इस दौरान पुलिस और केंद्रीय बलों ने पार्टी कार्यालय के परिसर को अवरोधक लगाकर घेर लिया।
दोपहर के आसपास तीन बुलडोजर मौके पर लाए गए, जिसके बाद प्रशासन ने पहले कार्यालय के सामने बने शेड को हटाया और फिर भवन के अग्रभाग को ढहा दिया। एहतियात के तौर पर अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के कर्मी भी मौके पर मौजूद रहे।
