देश

'दिपके या अन्य लोगों की गिरफ्तारी हुई तो करूंगा 42 दिनों की भूख हड़ताल', CJP के प्रदर्शन से पहले वांगचुक का ऐलान

X पर पोस्ट अपने वीडियो में सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) ने कहा कि वह छह जून को होने वाले CJP के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली आ रहे हैं। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके (Abhijeet Dipke) शनिवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे और यहां से वह जंतर-मंतर के लिए रवाना हो गए।

Image

सीजेपी से जुड़े हैं पर्यावरणविद सोनम वांगचुक।

Photo : Twitter

Sonam Wangchuk: पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) ने शनिवार को कहा कि जंतर मंतर (Jantar Mantar) प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) या उसके सदस्यों की गिरफ्तारी हुई तो वह छह सप्ताह यानी 42 दिनों की भूख हड़ताल शुरू करेंगे। X पर पोस्ट अपने वीडियो में वांगचुक ने कहा कि वह छह जून को होने वाले CJP के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली आ रहे हैं। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके (Abhijeet Dipke) शनिवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे और यहां से वह जंतर-मंतर के लिए रवाना हो गए।

टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- कॉकरोच जनता पार्टी दिल्ली प्रोटेस्ट लाइव न्यूज़

...और CJP से मेरा रिश्ता गहरा गया-वांगचुक

उन्होंने कहा, 'मैं हैरान हूं कि कुछ ही दिनों में कॉकरोच जनता पार्टी से मेरा रिश्ता काफी गहरा गया है और इसका श्रेय मुझे नहीं बल्कि लद्दाख के एलजी वीके सक्सेना को जाता है।' सीजेपी के साथ वांगचुक कैसे जुड़े, इस वीडियो में उन्होंने बताया है। वांगचुक ने कहा कि इनसे मिलकर उन्हें लगा कि यह कितने सीधे-सादे, ईमानदार और देश प्रेमी लोग हैं।

दिल्ली पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की इजाजत दी

इससे पहले दिल्ली पुलिस ने सीजेपी को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने की अनुमति दे दी। सूत्रों के अनुसार, संगठन ने अब अपने समर्थकों से प्रदर्शन स्थल पर एकत्र होने की अपील की है। प्रदर्शन से पहले राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

‘एक्स’ पर लिखा, 'मैं पहुंच गया हूं'

शनिवार को अमेरिका से दिल्ली पहुंचे दीपके ने अपने समर्थकों से इस आंदोलन को 'प्यार और शांति' के साथ आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, 'मैं पहुंच गया हूं। जंतर-मंतर पर आप सभी से मिलने का इंतजार है। अपने साथ एक किताब और तिरंगा जरूर लाएं। पुलिसकर्मियों को करुणा और आभार के प्रतीक के रूप में फूल भेंट करें। हमें इस आंदोलन का नेतृत्व प्रेम और शांति के साथ करना है।' शुक्रवार को संगठन के प्रवक्ताओं सौरव दास और आशुतोष रांका ने आंदोलन को शांतिपूर्ण, अनुशासित और सार्वजनिक व्यवस्था के प्रति सम्मानजनक बनाए रखने के लिए दिशा-निर्देशों की एक सूची जारी की। उन्होंने समर्थकों से कानून का पालन करने, किसी भी तरह की उकसावे वाली गतिविधि से बचने और प्रदर्शन के दौरान शांति बनाए रखने की अपील की।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article